सिगरेट की बात से शुरू हुआ झगड़ा, देखते ही देखते चली चाकू… छात्र की मौत, दो संदिग्ध हिरासत में

दुर्ग :  छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक पीजी में हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ। मोहन नगर थाना क्षेत्र के हरिनगर स्थित पीजी में सिगरेट मांगने को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद 26 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सिगरेट मांगने पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, सोमवार दोपहर चित्रेश सहारे (26) अपने दोस्त रवि के पीजी रूम में महिला मित्र के साथ पहुंचा था। इसी दौरान पीजी में रहने वाले वैभव मानकर (23) और राजकुमार यादव से सिगरेट मांगने को लेकर विवाद शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि महिला मित्र से कथित तौर पर दुर्व्यवहार किए जाने की बात को लेकर भी विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और हाथापाई होने लगी।

मारपीट के बाद चाकू से हमला

पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान चित्रेश के साथ मारपीट की गई और उस पर चाकू से हमला किया गया। चाकू लगने से उसके पैर और जांघ में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद घायल चित्रेश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही मोहन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। युवक के शव को जिला अस्पताल दुर्ग की मर्चुरी में रखा गया है। पुलिस ने घटनास्थल और विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

दो युवकों से पूछताछ जारी

मामले में पुलिस ने वैभव मानकर (23) और राजकुमार यादव को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस बात को लेकर बढ़ा और चाकू से हमला करने की पूरी घटना किस तरह हुई।

पुलिस के मुताबिक, मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं युवक की मौत के बाद उसके परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button