बालोद में पुलिसकर्मी की बेटी पर एसिड अटैक:लाइब्रेरी से लौट रही थी युवती

बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में कॉलेज जा रही एक युवती पर अज्ञात युवक द्वारा एसिड फेंकने का गंभीर मामला सामने आया है। हमले में युवती गंभीर रूप से झुलस गई है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रायपुर रेफर किया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

कॉलेज जाते समय किया हमला

जानकारी के मुताबिक, युवती कॉलेज जाने के लिए निकली थी। इसी दौरान कोतवाली थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक ने कथित तौर पर उसके चेहरे पर एसिड फेंक दिया। हमले के बाद युवती गंभीर रूप से झुलस गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

तांदुला बांध के जंगल की ओर भागा आरोपी

एडिशनल एसपी चन्द्रकांत गवर्ना के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि हमलावर वारदात के बाद तांदुला बांध के जंगलों की ओर भागा है। पुलिस को आरोपी के हुलिए के संबंध में भी जानकारी मिली है। बताया गया है कि उसने सफेद रंग की शर्ट पहन रखी थी।

पुलिस आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाने के साथ संभावित रास्तों और संदिग्ध स्थानों पर आरोपी की तलाश कर रही है।

गंभीर हालत में रायपुर रेफर

एसिड हमले में घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल बालोद ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

हमले की वजह अभी साफ नहीं

फिलहाल पुलिस आरोपी की पहचान और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हुई है। घटना को लेकर पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही अन्य स्तर पर भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हमले की पूरी वजह और आरोपी की पहचान स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button