25 करोड़ की रंगदारी केस में बड़ा अपडेट, शोएब ढेबर को कोर्ट से झटका; गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने घोषित किया इनाम

रायपुर : कांग्रेस नेता से 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर को कोर्ट से राहत नहीं मिली है। जिला एवं सत्र न्यायालय ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी है। जमानत याचिका खारिज होने के बाद आरोपी की ओर से पुनर्विचार याचिका दायर की गई थी, जिसे भी अदालत ने खारिज कर दिया।

इधर, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस ने 5 हजार रुपये का नगद इनाम घोषित किया है। पुलिस ने लोगों से शोएब ढेबर के संबंध में जानकारी देने की अपील की है। सूचना देने वाले व्यक्ति को निर्धारित इनाम दिए जाने की बात पुलिस ने कही है।

कौन है आरोपी शोएब ढेबर?

पुलिस के मुताबिक, शोएब ढेबर पिता अनवर ढेबर, उम्र 26 वर्ष, रायपुर के पाम बेलाजियो, विधानसभा रोड, पंडरी का निवासी है। उसके खिलाफ तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 403/2026 दर्ज है। मामले में BNS की धारा 308(4), 351(3), 351(4) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

इन नंबरों पर दे सकते हैं सूचना

पुलिस ने आरोपी की जानकारी देने के लिए संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। शोएब ढेबर के बारे में सूचना ACP सिविल लाइंस- 94252-62002, तेलीबांधा थाना प्रभारी- 99074-71911 और निरीक्षक सतीश सिंह- 94061-17235 पर दी जा सकती है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार तलाश की जा रही है।

विदेशी नंबर से आया था धमकी भरा मैसेज

पुलिस के अनुसार, मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। 14 सितंबर को प्रार्थी आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। आरोप है कि आरोपी ने खुद को अमन साहू गैंग से जुड़ा बताते हुए 25 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। साथ ही प्रार्थी, उसके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात सामने आई थी।

शिकायत के बाद तेलीबांधा थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

5 आईफोन भी किए गए थे जब्त

जांच के दौरान पुलिस ने 27 सितंबर को शोएब ढेबर को पकड़ा था। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना से संबंधित पांच आईफोन बरामद किए थे, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई थी।

इसके बाद आरोपी को रिमांड कोर्ट में पेश किया गया। बाद में पुलिस ने मामले के आधार पर नियमित अदालत में 28 सितंबर को दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

अब अदालत से जमानत नहीं मिलने और पुलिस की ओर से इनाम घोषित किए जाने के बाद शोएब ढेबर की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई और तेज हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button