22 साल की छात्रा पर एसिड फेंककर फरार हुआ युवक, CCTV से मिली सुराग; कोंडागांव में दो संदिग्ध गिरफ्तार

बालोद/कोंडागांव : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 22 वर्षीय छात्रा पर एसिड अटैक का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में छात्रा गंभीर रूप से झुलस गई है और उसका इलाज रायपुर में चल रहा है। मामले में बालोद पुलिस की सूचना पर कोंडागांव पुलिस ने दो संदिग्धों को पकड़ा है। इनमें करण कुंजाम पिता दिनेश कुंजाम और एक महिला शामिल बताई जा रही है।

दोनों संदिग्धों से पूछताछ और आगे की कार्रवाई के लिए बालोद पुलिस कोंडागांव रवाना हो गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले का खुलासा जांच के बाद बालोद पुलिस करेगी।

लाइब्रेरी से लौट रही थी छात्रा, रास्ते में हमला

जानकारी के मुताबिक, 22 वर्षीय छात्रा आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान सिंचाई कॉलोनी में आत्मानंद स्कूल के सामने एक युवक ने कथित तौर पर उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।

एसिड पड़ते ही छात्रा तेज जलन से चीखने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। छात्रा की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, छात्रा के शरीर के दाहिने हिस्से पर गंभीर रूप से जलने के निशान हैं। चेहरे और आंख के आसपास का हिस्सा भी प्रभावित हुआ है।

CCTV में भागता दिखा आरोपी

घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी युवक भागते हुए नजर आया। पुलिस के अनुसार, हमला करने के बाद युवक पैदल तांदुला बांध की ओर जंगल में भाग गया था।

घटना की सूचना मिलते ही टीआई, एसपी और एएसपी समेत पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के थानों को भी घटना की जानकारी देकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

कोंडागांव में बस से पकड़े गए दो संदिग्ध

बालोद पुलिस की सूचना के बाद कोंडागांव पुलिस ने भी संदिग्धों की तलाश शुरू की। कोंडागांव इंस्पेक्टर सौरभ उपाध्याय के मुताबिक, बालोद पुलिस से मिली सूचना के आधार पर महिंद्रा बस से दो संदिग्धों को पकड़ा गया है।

पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिए जाने की सूचना बालोद पुलिस को दे दी है। अब बालोद पुलिस दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने की कार्रवाई करेगी।

हमले की वजह और एसिड की जानकारी जांच के बाद

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि छात्रा पर एसिड अटैक किस वजह से किया गया और हमले में किस तरह के एसिड का इस्तेमाल हुआ। पुलिस ने इन पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना के पीछे की वजह, हमले में इस्तेमाल पदार्थ और आरोपियों की भूमिका की पूरी जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button