दंतेवाड़ा में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी, बारसूर के जंगलों से नक्सलियों का बड़ा हथियार डंप बरामद

दंतेवाड़ा : जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बारसूर क्षेत्र के घने जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर 5 अक्टूबर को ग्राम मंगनार, बुरदुम, तोड़मा और कोहकाबेड़ा के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में जिला बल, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान 6 अक्टूबर की सुबह करीब 6:30 बजे कोहकाबेड़ा और बुरदुम के बीच जंगल में सर्चिंग के दौरान टीम को जमीन में छिपाकर रखा गया डंप मिला। सघन तलाशी लेने पर उसमें से भारी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद हुई।

बरामद सामानों में AK-47 सहित 9 हथियार

बरामद डंप से एके-47 राइफल, इंसास राइफल, बीजीएल लांचर, 315 बोर बंदूक, 6 भरमार बंदूक, 9 बीजीएल सेल, 23 एके-47 मैगजीन राउंड, 138 जिंदा कारतूस, 2 टिफिन बम, 8 कुकर बम, 2 तीर बम सहित कुल 21 तरह की सामग्री मिली है। इसके अलावा वॉकी-टॉकी सेट, डेटोनेटर, कॉर्डेक्स वायर, नक्सली वर्दी और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।

यह कार्रवाई आईजी बस्तर रेंज सुंदरराज पी.,डीआईजी सीआरपीएफ, एसपी चंद्रमोहन सिंह, एएसपी जितेन्द्र कुमार चुघ और डीएसपी नत्थर उरांव सिद्दीकी के मार्गदर्शन में की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद डंप को सुरक्षित रूप से जब्त कर लिया गया है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का माहौल बनाए रखने के लिए जंगलों में छिपे हथियार डंप की बरामदगी का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button