गणेश विसर्जन के दौरान पुलिस से भिड़ना पड़ा भारी, 4 गिरफ्तार; अन्य आरोपियों की तलाश जारी

रायपुर: गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों से विवाद और झूमाझटकी करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, निर्धारित समय के बाद तेज आवाज में बज रहे डीजे को बंद कराने के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। समझाइश के दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों से विवाद शुरू कर दिया। मामला बढ़ने पर गाली-गलौज, धमकी और धक्का-मुक्की तक की स्थिति बन गई।

घटना के बाद सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने जांच शुरू की।

डीजे बंद कराने पहुंची पुलिस से हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, गणेश विसर्जन शोभायात्रा और कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी तेज आवाज में बज रहे डीजे को बंद कराने पहुंचे थे। पुलिस ने कई बार डीजे बंद करने की समझाइश दी, लेकिन कुछ लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।

आरोप है कि विवाद के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ अश्लील गाली-गलौज और धमकी दी गई। इसके बाद आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और झूमाझटकी भी की। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 296, 115(2), 221, 224, 132(ए) और 191(1) के तहत अपराध दर्ज किया है।

चार आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और सिविल लाइन थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना की जांच शुरू की। प्रार्थी पुलिसकर्मी और प्रत्यक्षदर्शी गवाहों से पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान की।

इसके बाद पुलिस ने विजय तांडी, विशाल तांडी, दीपक तांडी और भीम महानंद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में घटना में शामिल होने की बात सामने आने के बाद चारों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

विजय तांडी (27 वर्ष) — जगन्नाथ नगर, पंडरी, रायपुर

विशाल तांडी (29 वर्ष) — जगन्नाथ नगर, पंडरी, रायपुर

दीपक तांडी (36 वर्ष) — जगन्नाथ नगर, पंडरी, रायपुर

भीम महानंद (32 वर्ष) — जगन्नाथ नगर, पंडरी, रायपुर

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पूर्व में भी जेल में निरुद्ध रहने की जानकारी सामने आई है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।

कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ पर पुलिस सख्त

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से अभद्रता या झूमाझटकी करने और सार्वजनिक शांति प्रभावित करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button