गणेश विसर्जन के दौरान ट्रेनी DSP पर हमला, कार के तोड़े शीशे, 6 गिरफ्तार

अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में गणेश विसर्जन के दौरान ट्रेनी डीएसपी के साथ मारपीट और उनके वाहन में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि साइड देने और DJ की तेज आवाज को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद गणेश विसर्जन में शामिल कुछ लोगों ने ट्रेनी डीएसपी निशांत कुर्रे के साथ मारपीट की। घटना के बाद पुलिस ने मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

निशांत कुर्रे वर्तमान में दरिमा थाना प्रभारी (टीआई) के रूप में पदस्थ हैं।

साइड देने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात मणीपुर थाना क्षेत्र में गणेश प्रतिमा के विसर्जन के लिए लोगों का जुलूस DJ के साथ जा रहा था। इसी दौरान ट्रेनी डीएसपी निशांत कुर्रे अपने वाहन से उसी मार्ग से गुजर रहे थे।

बताया जा रहा है कि वाहन को साइड देने को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद DJ की तेज आवाज को लेकर भी आपत्ति जताई गई। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और स्थिति मारपीट तक पहुंच गई।

ट्रेनी DSP से मारपीट, वाहन में भी तोड़फोड़

आरोप है कि गणेश समिति से जुड़े लोगों ने ट्रेनी डीएसपी के साथ मारपीट की। इस दौरान उनके वाहन के शीशे भी तोड़ दिए गए।

घटना के समय मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालने के लिए मणीपुर थाने से अतिरिक्त बल बुलाया। इसके बाद पुलिस ने ट्रेनी डीएसपी को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला।

थाने पहुंचने के बाद निशांत कुर्रे ने घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। पुलिस महकमे में घटना की सूचना के बाद हड़कंप मच गया।

6 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज करने के बाद मारपीट और तोड़फोड़ में कथित रूप से शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की मेडिकल जांच भी कराई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के दौरान वे नशे में थे या नहीं।

पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। घटना को लेकर विस्तृत वैधानिक जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button