PDS दुकान से निजी पिकअप में लोड हो रहा था चावल, मौके पर पहुंची पुलिस

अभनपुर : गोबरा नवापारा में रेलवे क्रॉसिंग के पास संचालित उचित मूल्य की दुकान से बुधवार सुबह निजी पिकअप वाहन में चावल लोड किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय कांग्रेस पार्षद और कुछ नेता मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची गोबरा नवापारा पुलिस ने चावल से लदे पिकअप वाहन को थाना परिसर में खड़ा कराया।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब 8 बजे कुमकुम महिला सशक्तिकरण समूह द्वारा संचालित पीडीएस दुकान से चावल निजी वाहन में लोड किया जा रहा था। मामला सामने आने के बाद चावल को निजी वाहन में लोड किए जाने के उद्देश्य और उसकी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

निजी पिकअप में चावल क्यों किया जा रहा था लोड?

मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि पीडीएस दुकान से चावल निजी पिकअप वाहन में किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था और इसके लिए क्या अनुमति थी? यदि यह चावल परिवहन या किसी निर्धारित प्रक्रिया के तहत ले जाया जा रहा था, तो उससे जुड़े दस्तावेज और अनुमति क्या थे, यह जांच का विषय है।

बताया गया है कि संबंधित पीडीएस दुकान नगर के वार्ड क्रमांक 20 और 21 के हितग्राहियों के लिए संचालित होती है। ऐसे में दुकान से चावल बाहर ले जाने की प्रक्रिया और उसके उद्देश्य को लेकर पारदर्शिता के सवाल उठना स्वाभाविक है।

पुलिस के बाद खाद्य विभाग की टीम पहुंची थाने

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चावल से लदे पिकअप को थाने में खड़ा कराया। इसके कई घंटे बाद सहायक खाद्य निरीक्षक विवेक शुक्ला और खाद्य निरीक्षक श्रद्धा चौहान अपनी टीम के साथ थाने पहुंचे।

खाद्य विभाग की टीम ने मामले से जुड़े पक्षों के बयान दर्ज किए हैं और चावल को निजी वाहन में लोड किए जाने की पूरी प्रक्रिया की जांच शुरू कर दी है।

जांच में इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे

अब खाद्य विभाग की जांच में यह स्पष्ट किया जाना है कि पिकअप में लोड किया जा रहा चावल किस उद्देश्य से था, उसे कहां ले जाया जाना था, वाहन से परिवहन की अनुमति किसके द्वारा दी गई थी और क्या पूरी प्रक्रिया पीडीएस के निर्धारित नियमों के अनुरूप थी।

फिलहाल जांच पूरी नहीं हुई है, इसलिए चावल ले जाने की प्रक्रिया में किसी तरह की अनियमितता हुई या नहीं, यह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

खाद्य निरीक्षक बोलीं- जांच जारी है

मामले में खाद्य निरीक्षक श्रद्धा चौहान से जानकारी लेने पर उन्होंने कहा कि वह मामले में जानकारी देने के लिए सक्षम अधिकारी नहीं हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।

अब खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट पर नजर है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि निजी पिकअप में चावल लोड किए जाने की प्रक्रिया नियमों के तहत थी या इसमें किसी तरह की अनियमितता सामने आती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button