ट्रक की टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त, दो की मौत; धमतरी में 17 साल के द्वारिका की गई जान

बालोद/धमतरी : छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। बालोद और धमतरी जिले में हुए दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। बालोद में लोहे से लदे ट्रक की टक्कर से कार सवार दो लोगों की जान चली गई। वहीं, धमतरी जिले में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बालोद में ट्रक की टक्कर से कार सवार दो की मौत
पहला हादसा बालोद जिले के पुरुर थाना क्षेत्र में सुमित ढाबा के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, दो युवतियां ड्राइवर के साथ कार में रायपुर से जगदलपुर जा रही थीं। बताया जा रहा है कि वे अपनी नानी से मिलने के लिए निकली थीं।
इसी दौरान चारामा से धमतरी की ओर जा रहे लोहे से लदे ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार कुमारी मनसा राणा (राखी) और ड्राइवर राहुल पारख की मौके पर ही मौत हो गई।
घायल युवती का रायपुर में इलाज जारी
हादसे में राखी की बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए रायपुर ले जाया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही गुरूर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
धमतरी में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत
दूसरी घटना धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र की है। यहां दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 17 वर्षीय द्वारिका यादव की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम हंचलपुर निवासी द्वारिका यादव अपने दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर घूम रहा था। द्वारिका बाइक पर पीछे बैठा था। इसी दौरान गांव के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई।
हादसे के बाद गांव में शोक
टक्कर में द्वारिका को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। किशोर की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है।
बालोद और धमतरी में हुए इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी से वाहन चलाने की जरूरत को सामने ला दिया है। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है।







