56 दिन बाद हुई किरण सिंह देव की वापसी, एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत; बोले- ‘सभी की प्रार्थनाओं का असर’

रायपुर :  सड़क हादसे के बाद दिल्ली में उपचार और स्वास्थ्य लाभ ले रहे छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव करीब 56 दिन बाद छत्तीसगढ़ लौट आए हैं। 23 सितंबर को रायपुर पहुंचने पर स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उनके स्वागत के लिए मंत्री, विधायक, सांसद, वरिष्ठ नेता और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

‘छत्तीसगढ़ महतारी की धरती पर लौटकर बहुत अच्छा लग रहा’

रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में किरण सिंह देव ने अपनी वापसी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी की पावन धरती पर वापस आकर उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है।

उन्होंने स्वास्थ्य लाभ के दौरान मिले सहयोग और शुभकामनाओं के लिए आभार जताते हुए कहा कि बेड रेस्ट के दौरान उन्हें बहुत से लोगों का साथ और प्यार मिला। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से लेकर पार्टी के छोटे से छोटे कार्यकर्ता तक का उल्लेख करते हुए सभी के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।

किरण सिंह देव ने कहा कि विपक्ष और अन्य राजनीतिक दलों की ओर से भी उन्हें शुभकामनाएं और स्नेह मिला। उन्होंने कहा कि सभी की प्रार्थना और विश्वास का ही असर है कि वे स्वस्थ होकर वापस लौटे हैं।

CM साय ने किया स्वागत

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी किरण सिंह देव की वापसी पर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के सकुशल लौटने से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है। मुख्यमंत्री ने मां दंतेश्वरी के आशीर्वाद और प्रदेशवासियों की शुभकामनाओं के साथ किरण सिंह देव के पूर्ण स्वस्थ होकर जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने की कामना की।

नए प्रभारी और सह प्रभारी को दी बधाई

छत्तीसगढ़ भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी के तौर पर स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभु की नियुक्ति पर भी किरण सिंह देव ने दोनों नेताओं को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर और एकजुट होकर काम करेंगे। भाजपा ने 23 सितंबर को स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी और सिद्धार्थ शंभु को सह प्रभारी नियुक्त किया था।

29 जुलाई को हुआ था सड़क हादसा

गौरतलब है कि किरण सिंह देव 29 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में सड़क हादसे में घायल हुए थे। वे परिवार के साथ बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। इसी दौरान तालबेहट क्षेत्र में झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर उनकी कार ट्रक से टकरा गई थी। हादसे के बाद उन्हें पहले झांसी में उपचार दिया गया और इसके बाद बेहतर इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया।

दिल्ली के मेदांता अस्पताल में उपचार के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे किरण सिंह देव अब रायपुर लौट आए हैं। उनकी वापसी के साथ प्रदेश भाजपा के संगठनात्मक कामकाज में उनकी सक्रियता भी आगे बढ़ने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button