रायपुर में रक्तदान का अनोखा अभियान, 1100 महिलाओं समेत 3 हजार से ज्यादा लोगों ने किया महादान

रायपुर : राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित आयुर्वेद सेवा सम्मेलन के तहत ‘रक्तदान महादान महाकुंभ’ का आयोजन किया गया। इस अभियान में 3 हजार से ज्यादा लोगों ने रक्तदान किया। इनमें करीब 1100 महिलाएं और 2 हजार पुरुष शामिल रहे। बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी को आयोजन की प्रमुख उपलब्धियों में गिना गया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, मंत्री केदार कश्यप, मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। रक्तदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ आयोजन

आयोजकों के अनुसार, रक्तदान महादान महाकुंभ को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में आयुर्वेद सेवा सम्मेलन का आयोजन किया गया है।

सम्मेलन के दौरान रक्तदान के साथ लोगों को अंगदान और देहदान के लिए भी प्रेरित किया गया। आयोजन में 31 लोगों ने अंगदान का संकल्प लिया। इनमें अनुज शर्मा भी शामिल हैं।

CRPF और कलेक्टर ने पत्नी के साथ लिया देहदान का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान CRPF और कलेक्टर ने अपनी पत्नी के साथ देहदान का संकल्प लिया। आयोजन के जरिए लोगों को जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान करने के साथ ही अंगदान और देहदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

आयुर्वेद को बढ़ावा देने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में प्राचीन काल से ही आयुर्वेद का विशेष महत्व रहा है। केंद्र सरकार ने आयुष मंत्रालय का गठन कर आयुर्वेद को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया है। देशभर में आरोग्य मंदिर बनाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी स्वस्थ छत्तीसगढ़ की दिशा में लगातार काम कर रही है। आयुर्वेद सेवा सम्मेलन जैसे आयोजनों के जरिए स्वास्थ्य के साथ सेवा और जनभागीदारी को भी बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button