बीजापुर में माओवादियों के खिलाफ ऑपरेशन, लंका पहाड़ी जंगल से हथियारों का डंप बरामद

बीजापुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवाद विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना बेदरे क्षेत्र के ग्राम लंका पहाड़ी के जंगल में सर्चिंग और डिमाइनिंग अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया माओवादी डंप बरामद किया है। डंप से रायफल, BGL लॉन्चर, ग्रेनेड, जिंदा कारतूस और अन्य सैन्य सामग्री बड़ी मात्रा में बरामद की गई है।
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबल इलाके में सघन सर्चिंग और चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान डिमाइनिंग कार्रवाई के दौरान जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए डंप का सुराग मिला। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए इलाके की तलाशी ली गई, जहां से हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।
डंप से SLR-INSAS समेत हथियारों का जखीरा बरामद
सुरक्षाबलों ने मौके से SLR/LMG रायफल, INSAS रायफल, .315 बोर बंदूक, BGL लॉन्चर, BGL सेल और चाइना हैंड ग्रेनेड बरामद किया है। इसके अलावा बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और मैगजीन भी मिली हैं।
बरामद सामग्री में शामिल हैं—
SLR/LMG रायफल – 01
INSAS रायफल – 01
.315 बोर बंदूक – 01
BGL लॉन्चर – 02
BGL सेल – 17
चाइना हैंड ग्रेनेड – 01
SLR राउंड – 49
.315 बोर राउंड – 15
BGL कारतूस – 15
SLR मैगजीन – 04
.315 बोर मैगजीन – 01
अन्य सामग्री एवं उपकरण
बरामद हथियारों और अन्य सामग्री को सुरक्षाबलों ने विधिवत जब्त कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और डंप से जुड़े लोगों की पतासाजी की जा रही है।
सितंबर में कई इलाकों से माओवादी डंप बरामद
बीजापुर जिले में सितंबर महीने के दौरान माओवाद विरोधी अभियानों के तहत अलग-अलग इलाकों से पहले से छिपाकर रखे गए कई डंप बरामद किए गए हैं। सुरक्षाबलों की कार्रवाई में हथियारों, जिंदा कारतूस, विस्फोटक और संचार उपकरणों सहित अन्य सामग्री लगातार जब्त की गई है।
भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के आदवाड़ा जंगल से AK-47, .315 बोर हथियार, सिंगल शॉट, पिस्टल सहित जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद की गई थी।
वहीं फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के बड़ेआलवाड़ा जंगल से .315 बोर रायफल, 49 जिंदा राउंड, .303 के 25 जिंदा राउंड और 12 बोर के 49 जिंदा राउंड बरामद हुए। यहां करीब 8 किलो जिलेटिन, वॉकी-टॉकी और अन्य उपकरण भी मिले थे।
इसी तरह मिरतुर थाना क्षेत्र के इंडरीपाल जंगल में अलग-अलग स्थानों से 7 बंडल नॉन-इलेक्ट्रिकल वायर, डेटोनेटर और ग्रेनेड बरामद किए गए।
भोपालपटनम थाना क्षेत्र के नीलमड़गु जंगल में माओवादी डंप से 12 बोर का एक देशी कट्टा, एक BGL लॉन्चर, 8 BGL सेल और 12 बोर के 10 जिंदा राउंड सहित अन्य सामग्री बरामद की गई।
बीजापुर जिले में लगातार सामने आ रहे इन माओवादी डंपों की बरामदगी को सुरक्षाबलों के सघन सर्चिंग और माओवाद विरोधी अभियानों से जोड़कर देखा जा रहा है।







