छत्तीसगढ़ में दर्दनाक हादसा : DJ वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर, 5 युवकों की मौत, 5 घायल

बालोद :  छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार को नेशनल हाईवे-30 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मरकाटोला घाट के पास डीजे से बंधी पिकअप और तेज रफ्तार ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक सड़क पर ही पलट गया, जबकि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में 5 युवकों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के मुताबिक, मरकाटोला घाटी के पास डीजे से बंधी पिकअप खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। पिकअप में करीब 10 युवक सवार बताए जा रहे हैं।

टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में पिकअप सवार कई युवक और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हुए।

2 की मौके पर मौत, 3 ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

भीषण टक्कर में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल तीन अन्य युवकों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में घायल पांच युवकों का अस्पताल में उपचार जारी है।

हादसे के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके चलते हाईवे पर कुछ समय तक आवागमन भी प्रभावित रहा।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुरुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई की। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

एडिशनल एसपी चन्द्रकान्त गवर्ना ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में पांच युवकों की मौत हुई है, जबकि पांच घायल हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

एक महीने में फिर हादसा, मरकाटोला घाट पर उठे सवाल

नेशनल हाईवे-30 का मरकाटोला घाट एक बार फिर बड़े सड़क हादसे के कारण चर्चा में है। इससे पहले अगस्त में इसी मार्ग पर मुंबई की 24 वर्षीय बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर की सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी।

रिद्धि अपने बाइक राइडिंग ग्रुप के साथ बस्तर की ओर जा रही थीं। अब एक बार फिर इसी मार्ग पर हुए भीषण हादसे में पांच लोगों की जान चली गई है।

लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद मरकाटोला घाट की सड़क सुरक्षा, वाहनों की रफ्तार और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button