बच्चों के ब्रेकफास्ट को दें हेल्दी ट्विस्ट, इस सिंपल रेसिपी से बनाएं चॉकलेट पैनकेक और बनाना-पीनट स्मूदी

सुबह का नाश्ता बच्चों के दिन की शुरुआत का सबसे जरूरी हिस्सा होता है। अगर नाश्ता स्वादिष्ट और देखने में आकर्षक हो, तो बच्चे उसे बिना किसी आना-कानी के चट कर जाते हैं।
चॉकलेट पैनकेक और बनाना-पीनट बटर स्मूदी एक ऐसा कॉम्बो है, जो न केवल बच्चों का पसंदीदा है, बल्कि उन्हें दिनभर एनर्जेटिक बनाए रखने का अच्छा जरिया भी है। आइए जानते हैं इन दोनों डिशेज को बनाने की आसान और झटपट रेसिपी।
फ्लफी चॉकलेट पैनकेक
सामग्री-
- 1 कप गेहूं का आटा
- 2 बड़े चम्मच कोको पाउडर
- 1 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर
- 3 बड़े चम्मच शहद
- 1 कप दूध
- 1 अंडा
- 2 बड़े चम्मच पिघला हुआ मक्खन
- चॉकलेट चिप्स (सजावट के लिए)
बनाने की विधि-
- एक बड़े बाउल में मैदा, कोको पाउडर, चीनी और बेकिंग पाउडर को छान लें ताकि कोई गांठ न रहे।
- अब इसमें दूध और अंडा मिलाएं। इसे अच्छी तरह फेंटें ताकि एक स्मूद और गाढ़ा घोल तैयार हो जाए।
- इसके बाद एक नॉन-स्टिक पैन गरम करें और उसे थोड़े से मक्खन से चिकना करें। एक कड़छी बैटर पैन पर डालें।
- जब पैनकेक की सतह पर छोटे बुलबुले दिखने लगें, तो ऊपर से थोड़े चॉकलेट चिप्स डालें और इसे पलट दें।
- दूसरी तरफ से भी 1 मिनट तक पकाएं। गरमा-गरम पैनकेक को प्लेट में निकालें और ऊपर से थोड़ा शहद डालकर सर्व करें।
बनाना-पीनट बटर स्मूदी
यह स्मूदी न केवल क्रीमी और टेस्टी है, बल्कि केले और पीनट बटर के कारण यह पोटेशियम और हेल्दी फैट्स से भरपूर है।
सामग्री-
- 2 पके हुए केले
- 1 बड़ा चम्मच पीनट बटर
- 1 कप ठंडा दूध
- आधा छोटा चम्मच दालचीनी पाउडर
- 1 छोटा चम्मच शहद या गुड़
- 2-3 बर्फ के टुकड़े
बनाने की विधि-
- केलों को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें।
- फिर एक ब्लेंडर में केले, पीनट बटर, दूध, शहद और दालचीनी पाउडर डालें।
- इसे तब तक ब्लेंड करें जब तक कि मिश्रण एकदम क्रीमी और झागदार न हो जाए।
- स्मूदी को एक लंबे गिलास में निकालें। आप ऊपर से थोड़े कटे हुए बादाम या चॉकलेट फ्लेक्स भी डाल सकते हैं।
बच्चों के लिए क्यों है यह बेस्ट ब्रेकफास्ट?
- एनर्जी बूस्टर- केले और आटा से मिलने वाला कार्ब्स बच्चों को स्कूल में एक्टिव रखता है।
- प्रोटीन से भरपूर- पीनट बटर और दूध मांसपेशियों के विकास में मदद करते हैं।
- मूड लिफ्टर- चॉकलेट में ऐसे तत्व होते हैं जो बच्चों के मूड को खुशमिजाज बनाए रखते हैं।







