दुर्ग में नकली गुटखा कारोबार पर शिकंजा, कुम्हारी के बाद नगपुरा में भी CGST की कार्रवाई

दुर्ग :  जिले के कुम्हारी क्षेत्र में सेंट्रल जीएसटी (CGST) की टीम ने नकली और अवैध गुटखा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। स्टेशन चौक स्थित एक फैक्ट्री में दबिश देकर टीम ने गुटखा बनाने की 2 मशीनें और करीब 30 बोरा गुटखा जब्त किया है। कार्रवाई के बाद जब्त मशीनों और सामग्री को टीम रायपुर लेकर रवाना हुई।

जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल जीएसटी की टीम करीब तीन गाड़ियों में कुम्हारी पहुंची और स्टेशन रोड स्थित फैक्ट्री में जांच की। कार्रवाई के दौरान मशीनों और गुटखे की बड़ी मात्रा मिलने के बाद उन्हें जब्त कर लिया गया।

कुम्हारी के बाद नगपुरा में भी कार्रवाई

बताया जा रहा है कि कुम्हारी के अलावा नगपुरा क्षेत्र में भी सेंट्रल जीएसटी की टीम ने एक फैक्ट्री में कार्रवाई की है। दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई को लेकर विभाग की जांच जारी है।

दो महीने पहले भी हुई थी कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, कुम्हारी की रजत सेल्स नामक फैक्ट्री में करीब दो महीने पहले भी जीएसटी टीम ने कार्रवाई की थी। उस दौरान टीम ने नकली गुटखा और अवैध कारोबार से जुड़े मामले में कई पैकेट जब्त किए थे। इनमें सितार समेत अन्य ब्रांडेड गुटखा कंपनियों के पैकेट शामिल बताए गए थे। कार्रवाई के दौरान कुछ दस्तावेज भी टीम के हाथ लगे थे।

इसके बाद से ही जीएसटी विभाग की नजर कथित तौर पर नकली गुटखा तैयार करने और जीएसटी से जुड़े नियमों के उल्लंघन की आशंका वाले कारोबार पर बनी हुई थी।

स्टेशन रोड के नए ठिकाने पर छापेमारी

इसी जांच के क्रम में सेंट्रल जीएसटी की टीम ने स्टेशन रोड स्थित नए स्थान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान गुटखा तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली 2 मशीनें और 30 बोरा गुटखा जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।

फिलहाल सेंट्रल जीएसटी की ओर से मामले में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। विभाग की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button