पहले पुलिस बनकर डराया, फिर किया अपहरण और लूट; मामले में पांचों आरोपी गिरफ्तार

धमतरी :  खुद को पुलिसकर्मी बताकर अपहरण और लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो फरार आरोपियों को मगरलोड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने एक युवक का अपहरण कर उससे नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 43 हजार 800 रुपए लूटे थे। इस मामले में पुलिस अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

गिरफ्तार किए गए फरार आरोपियों की पहचान विकास आडिल और साहिल अली के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से जब्त संपत्ति समेत कार और मोबाइल सहित कुल 7.58 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है।

सफेद स्विफ्ट कार से पहुंचे थे आरोपी

घटना 3 मार्च 2026 की है। शिकायतकर्ता देवेंद्र कुमार मारकंडे अपने साथियों फगेश्वर कुमार, लक्ष्मण यादव, लीलेश कुमार और दुर्गेश कुमार के साथ पिकअप वाहन से बछड़ों को लेकर मुड़केरा जा रहे थे। सभी ग्राम छाती, थाना कुरुद क्षेत्र के निवासी हैं।

इसी दौरान आलेखुंटा-सिंगपुर मार्ग पर सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और देवेंद्र कुमार व उनके साथियों को डराने-धमकाने के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

युवक का अपहरण कर ले गए दुगली की ओर

आरोपी देवेंद्र कुमार को अपने साथ लेकर दुगली की तरफ निकल गए। रास्ते में आरोपियों ने उससे 13 हजार 800 रुपए नकद ले लिए। इसके अलावा PhonePe के माध्यम से 30 हजार रुपए भी जबरन ट्रांसफर करवाए गए।

इस तरह आरोपियों ने कुल 43 हजार 800 रुपए की लूट की। घटना के बाद देवेंद्र की शिकायत पर मगरलोड थाने में मामला दर्ज किया गया।

तीन मुख्य आरोपी पहले ही गिरफ्तार

शिकायत मिलने के बाद मगरलोड पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इनमें ओमकार कुर्रे (40), चांद कुर्रे (19) और राहुल कुर्रे (26) शामिल हैं।

तीनों आरोपी धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम पाईकभाठा के रहने वाले हैं। गिरफ्तारी के बाद तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया था।

फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी पुलिस

घटना के बाद सह-आरोपी विकास आडिल और साहिल अली लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी। लगातार प्रयास के बाद मगरलोड पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट, कुरुद के न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने मामले में शामिल बताए गए सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button