बालोद: निजी स्कूल में औचक निरीक्षण, नियमों का पालन नहीं मिला तो DEO ने थमाया नोटिस

बालोद :जिले के निजी क्षेत्र के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में शामिल निर्मला सीनियर सेकेंडरी स्कूल में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) दीपक दुबे की टीम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शासन के दिशा-निर्देशों और अनिवार्य योजनाओं के क्रियान्वयन में कथित लापरवाही सामने आने पर स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है। प्रबंधन से तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
शिकायतों के बाद स्कूल पहुंची DEO की टीम
जिला शिक्षा अधिकारी दीपक दुबे के मुताबिक, स्कूल में शासकीय नियमों के पालन को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर शिक्षा विभाग की टीम ने स्कूल का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान शासन की योजनाओं और दिशा-निर्देशों के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली गई। विभाग के मुताबिक, कुछ बिंदुओं पर अपेक्षित अनुपालन नहीं मिला, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
प्राचार्य और प्रबंधन स्टाफ की लगाई क्लास
निरीक्षण के दौरान डीईओ दीपक दुबे ने प्राचार्य सहित स्कूल के मैनेजमेंट स्टाफ के साथ बैठक कर शासन के नियमों और योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाएं और दिशा-निर्देश सभी स्कूलों के लिए लागू हैं।
डीईओ ने कहा कि शासन की योजनाओं और उसकी मंशा के अनुरूप जो संदेश बच्चों तक पहुंचना चाहिए, वह अपेक्षित रूप से नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को नियमों और योजनाओं का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तीन दिन में देना होगा स्पष्टीकरण
शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने को कहा है। डीईओ ने स्पष्ट किया कि तय समय सीमा में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शासन के निर्देश सभी शिक्षण संस्थानों के लिए महत्वपूर्ण हैं और इनके पालन में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।







