महासमुंद में पुलिस-ANTF की नाकेबंदी से घबराए तस्कर, गांजे की बोरियों में लगाई आग; लाखों का माल जब्त

महासमुंद : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। ओडिशा के बलांगीर से गांजा लेकर मध्यप्रदेश जा रहे आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए कार में रखी गांजे की बोरियों में आग लगा दी और जंगल की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने जली हुई बोरियों से 28.465 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 14 लाख 23 हजार 250 रुपये बताई गई है।
नाकेबंदी देखकर कार मोड़कर भागे
अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी की सूचना मिलने पर बसना पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम ने नाकेबंदी की थी। इसी दौरान काले रंग की वैगनआर कार में सवार संदिग्धों की नजर पुलिस पर पड़ी तो उन्होंने वाहन को मोड़ दिया और विपरीत दिशा में तेज रफ्तार से भागने लगे।
पुलिस और ANTF की टीम ने कार का पीछा किया। ग्राम चोरभट्ठी से मेदनीपुर जाने वाले मार्ग पर आरोपियों ने कार रोक दी। इसके बाद पुलिस से बचने और कथित तौर पर सबूत मिटाने की कोशिश में आरोपियों ने कार में रखी गांजे से भरी बोरियों में आग लगा दी और मौके से भागने लगे।
दो आरोपी पकड़े गए, एक जंगल में फरार
पुलिस और ANTF की टीम ने पीछा करते हुए दो आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी जंगल की ओर भागने में सफल रहा।
इधर, ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने कार का सामने का शीशा तोड़ा और वाहन के अंदर लगी आग को बुझाया। इसके बाद कार की डिक्की की तलाशी ली गई। यहां से तीन अधजली प्लास्टिक बोरियां बरामद हुईं।
इन बोरियों से कुल 28.465 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने जब्त गांजे की कीमत 14,23,250 रुपये आंकी है।
बलांगीर से गांजा लेकर शहडोल जा रहे थे
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ओडिशा के बलांगीर निवासी विनोद राणा से गांजा खरीदा था। इसके बाद वे अपने साथी शिवा सिंह के साथ गांजा लेकर शहडोल, मध्यप्रदेश जा रहे थे।
आरोपियों के मुताबिक, रास्ते में पुलिस की नाकेबंदी देखकर पकड़े जाने के डर से उन्होंने कार वापस मोड़ी। इसके बाद गांजे समेत कार में आग लगाकर कथित तौर पर सबूत मिटाने का प्रयास किया गया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट और BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. सुलभ सिंह परिहार (29 वर्ष) — पिता भारत सिंह परिहार, निवासी छोटी घोरहटी, थाना नागौद, जिला सतना, मध्यप्रदेश।
2. सागर कुशवाहा (25 वर्ष) — पिता मोतीलाल कुशवाहा, निवासी कोनी टोला, थाना नागौद, जिला सतना, मध्यप्रदेश।
फरार आरोपी:
शिवा सिंह, निवासी शहडोल, मध्यप्रदेश।







