3 शहर, 3000 खिलाड़ी… ट्राइबल टैलेंट का देशभर में दमदार प्रदर्शन

बिलासपुर :छत्तीसगढ़ अब देशभर के जनजातीय खिलाड़ियों के लिए बड़े मंच के रूप में सामने आ रहा है। खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के तहत 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के करीब 3000 खिलाड़ी सात अलग-अलग खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को रायपुर, जगदलपुर और अंबिकापुर में विभाजित किया गया है, जहां पुरुष और महिला दोनों वर्गों में मुकाबले होंगे।
रायपुर में हॉकी, फुटबॉल, तैराकी, तीरंदाजी और वेट-लिफ्टिंग की स्पर्धाएं आयोजित होंगी, जबकि जगदलपुर में एथलेटिक्स और अंबिकापुर में कुश्ती के मुकाबले होंगे। छत्तीसगढ़ के भी 164 खिलाड़ी इस आयोजन में हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 86 पुरुष और 78 महिला खिलाड़ी शामिल हैं।
आयोजन को लेकर तीनों शहरों में खेल स्थलों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय मैदान, स्वामी विवेकानंद एथलेटिक्स स्टेडियम और अंतरराष्ट्रीय स्विमिंग पूल जैसे प्रमुख केंद्रों में तैयारियां तेज हैं। जगदलपुर के धरमपुरा क्रीड़ा परिसर और अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में भी व्यवस्थाएं अंतिम रूप ले रही हैं।
इस बार आयोजन में पारंपरिक खेलों को भी स्थान दिया गया है। कबड्डी और मलखंब को डेमो गेम्स के रूप में शामिल किया गया है, जिससे खेलों में परंपरा और आधुनिकता का संतुलन नजर आएगा।







