छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार पर ब्रेक! रायपुर में कड़ी धूप, बस्तर में भी बारिश घटने के आसार

रायपुर : छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी हैं। बस्तर समेत प्रदेश के कुछ हिस्सों में बीते 24 घंटे के दौरान बारिश हुई, लेकिन राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में तेज धूप का असर देखने को मिला। बारिश की गतिविधि कम होने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

हालांकि वातावरण में अभी नमी बनी हुई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ स्थानों पर आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी है। मौसम का यह मिजाज अगले दो दिनों तक बने रहने का अनुमान है।

बीते 24 घंटे में कहां हुई बारिश?

प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बड़े बचेली (दंतेवाड़ा) में सबसे ज्यादा 6 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

इसके अलावा करतला (कोरबा), देवभोग (गरियाबंद), छाल (रायगढ़) और नया बाराद्वार (सक्ती) में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। कवर्धा और कटेकल्याण में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

कशडोल, जगदलपुर, रायगढ़, सारागांव, पामगढ़, लालपुर थाना, मुंगेली, भैसमा, घरघोड़ा, बकावंड, खरसिया और बोड़ला में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

माना में 33.2 डिग्री, पेंड्रा रोड रहा सबसे ठंडा

बीते 24 घंटे में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस माना में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।

राजधानी रायपुर में दिन का तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश नहीं होने और धूप निकलने के कारण लोगों को उमस और गर्मी का अहसास हुआ।

आज रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश के आसार हैं। शहर में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

बस्तर में भी कम हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, सक्रिय मौसम प्रणाली झारखंड की ओर आगे बढ़ रही है। इसके चलते मंगलवार से बस्तर संभाग में भी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।

फिलहाल बंगाल की खाड़ी में कोई स्पष्ट रूप से सक्रिय सिस्टम मौजूद नहीं है। ऐसे में गणेश पर्व के दौरान प्रदेश में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है।

 राजस्थान से जल्द शुरू होगी मानसून की विदाई

दक्षिण-पश्चिम मानसून अब देश से विदाई की ओर बढ़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, राजस्थान में बारिश की गतिविधियां थमने के बाद 19 सितंबर के आसपास मानसून की वापसी शुरू हो सकती है।

हालांकि छत्तीसगढ़ में मानसून का असर अभी बना रहने की संभावना है। सामान्य तौर पर प्रदेश में मानसून की अवधि 30 सितंबर तक मानी जाती है, जबकि इसकी पूरी विदाई अक्टूबर के पहले पखवाड़े तक होने की संभावना रहती है।

आने वाले दिनों में वातावरण में नमी की मात्रा धीरे-धीरे कम होने के साथ रात के तापमान और मौसम में भी बदलाव महसूस किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button