दीपावली से पहले महंगा हुआ अमूल का घी-मक्खन, 500 ग्राम पैक के लिए भी देने होंगे ज्यादा पैसे

अमूल ने दीपावली से ठीक पहले घी और मक्खन की कीमतें बढ़ा दी हैं। अमूल ने 1 किलो घी के कार्टन की कीमत 50 रुपये बढ़ाकर 680 रुपये कर दी है, जिसकी कीमत पहले 630 रुपये थी। इसके अलावा, देश के सबसे बड़े डेयरी ब्रांड ने 500 ग्राम मक्खन की कीमत 15 रुपये बढ़ा दी है। घी और मक्खन की कीमतों में ये बढ़ोतरी ऐसे समय में की गई है जब कई बाजारों में अमूल के गाय के घी की मांग बढ़ गई है और इसकी कमी भी देखी जा रही है।

मिलावटी उत्पादों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद ब्रांडेड घी की मांग बढ़ी
इसके अलावा, कीमतों में ये बदलाव ऐसे समय में आया है जब गुजरात और पड़ोसी राज्य राजस्थान में मिलावटी उत्पादों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद ब्रांडेड घी की मांग बढ़ गई है। अमूल द्वारा बढ़ाई गई कीमतों के बाद, सितंबर 2025 में GST घटाए जाने से जो राहत मिली थी, वो अब काफी हद तक कम हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, अमूल के 1 किलो घी के कार्टन की कीमत 630 रुपये से बढ़कर 680 रुपये हो गई है। शुद्ध घी के 500 ग्राम पाउच की कीमत 325 रुपये से बढ़कर अब 345 रुपये हो गई है। मक्खन की कीमतों में भी 2 अलग-अलग पैक साइज के लिए बढ़ोतरी हुई है। 100 ग्राम के पैक की कीमत अब 63 रुपये से बढ़कर 66 रुपये हो गई है, जबकि 500 ​​ग्राम के पैक की कीमत 310 रुपये से बढ़कर 325 रुपये हो गई है।

740 रुपये प्रति लीटर गाय के दूध का घी
अमूल के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर गाय के दूध का घी 740 रुपये प्रति लीटर, सागर घी 710 रुपये, शुद्ध घी 700 रुपये और भैंस के दूध का घी 720 रुपये प्रति लीटर के भाव पर लिस्टेड है। बताते चलें कि सितंबर 2025 में सरकार द्वारा GST की दरें घटाए जाने के बाद अमूल ने अपने 700 डेयरी प्रॉडक्ट्स की कीमतें कम की थीं।

जीएसटी घटाए जाने के बाद सस्ते हो गए थे अमूल के प्रॉडक्ट्स
उस समय, 1 लीटर घी के कार्टन की कीमत 650 रुपये से घटाकर 610 रुपये कर दी गई थी, जबकि 5 लीटर टिन की कीमत 3275 रुपये से घटाकर 3075 रुपये कर दी गई थी। घी के अलावा, मक्खन की कीमतों में भी कमी आई थी। 100 ग्राम वाले मक्खन की कीमत 62 रुपये से घटकर 58 रुपये हो गई और 500 ग्राम वाले पैक की कीमत 305 रुपये से गिरकर 285 रुपये हो गई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button