महादेव सट्टा एप केस: सौरभ चंद्राकर की 8 दिन की CBI रिमांड मंजूर

रायपुर : महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी एप मामले में आरोपी सौरभ चंद्राकर को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। रायपुर की विशेष CBI अदालत ने सौरभ चंद्राकर की 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड मंजूर कर दी है। इसके साथ ही CBI को उसे दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय ले जाकर पूछताछ करने की अनुमति भी मिल गई है। अब सौरभ से दिल्ली में CBI की टीम पूछताछ करेगी।

कोर्ट से रिमांड मिलने के बाद CBI की जांच आगे बढ़ेगी। एजेंसी सौरभ चंद्राकर से महादेव ऑनलाइन बेटिंग एप के संचालन, कथित सट्टेबाजी नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर सकती है।

दिल्ली मुख्यालय में CCTV कैमरों की निगरानी में होगी पूछताछ

सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। इसके बाद CBI उसे दिल्ली से रायपुर लेकर पहुंची और बुधवार को विशेष CBI अदालत में पेश किया। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने गिरफ्तारी की वैधता और प्रत्यर्पण की शर्तों को लेकर सवाल उठाए थे। वहीं, CBI ने रिमांड की मांग करते हुए पूछताछ की जरूरत बताई थी।

अब अदालत से रिमांड और दिल्ली मुख्यालय ले जाने की अनुमति मिलने के बाद CBI की टीम उससे विस्तार से पूछताछ करेगी। CBI मुख्यालय में यह पूछताछ CCTV कैमरों की निगरानी में की जाएगी। कोर्ट ने पूछताछ के दौरान सौरभ चंद्राकर को शाम के समय अपने वकील से मुलाकात करने की अनुमति भी दी है।

महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े खुल सकते हैं कई राज

करीब 6,000 करोड़ रुपये के कथित महादेव सट्टेबाजी नेटवर्क की जांच में सौरभ चंद्राकर की पूछताछ अहम मानी जा रही है। जांच एजेंसियों के सामने नेटवर्क के संचालन, पैसों के लेन-देन, हवाला के जरिए रकम भेजने और कथित संरक्षण राशि जैसे कई पहलू हैं।

सौरभ से पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, विदेशों में संचालित गतिविधियों और आर्थिक लेन-देन को लेकर अहम जानकारियां सामने आने की संभावना है। हालांकि, पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि जांच में कौन-कौन से नए तथ्य सामने आते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button