रायपुर में हैरान करने वाला मामला: 11 साल के छात्र को डराया, फिर परफ्यूम के नाम पर वसूले लाखों

रायपुर : राजधानी रायपुर में 11 साल के नाबालिग छात्र को धमकाकर कथित तौर पर ₹1 लाख 77 हजार की अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि परफ्यूम बेचने के नाम पर छात्र से पैसे मांगे गए और रकम नहीं देने पर मारपीट कर हाथ-पैर तोड़ने का डर दिखाया गया। मामले में खमतराई थाना पुलिस ने एक नाबालिग और उसकी मां के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोचिंग में हुई थी आरोपी से पहचान

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित 11 वर्षीय छात्र पांचवीं कक्षा में पढ़ता है। उसकी पहचान आरोपी नाबालिग से कोचिंग के दौरान हुई थी। आरोप है कि इसके बाद आरोपी नाबालिग और उसकी मां ने छात्र पर परफ्यूम बेचने की बात कहकर पैसे देने का दबाव बनाया।

छात्र का आरोप है कि रकम देने से इनकार करने पर उसे मारपीट करने और हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी गई। इससे डरकर छात्र ने इसकी जानकारी तत्काल अपने परिजनों को नहीं दी।

घर की अलमारी से पैसे निकालकर देता रहा छात्र

बताया जा रहा है कि धमकी से डरे छात्र ने 27 जुलाई से घर की अलमारी में रखी नकदी निकालकर आरोपी नाबालिग और उसकी मां को देना शुरू कर दिया। अलग-अलग समय पर रकम दिए जाने का आरोप है।

परिजनों के मुताबिक, इस तरह छात्र से कुल करीब ₹1 लाख 77 हजार रुपये लिए गए।

शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज की FIR

मामले की जानकारी सामने आने के बाद पीड़ित छात्र के परिजनों ने खमतराई थाना पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नाबालिग आरोपी और उसकी मां के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। इसके साथ ही छात्र से ली गई रकम, कथित धमकी, पैसों के लेन-देन और दोनों आरोपियों की भूमिका से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button