तेंदुए के शिकारियों का ओडिशा तक किया पीछा, राज्योत्सव में वनरक्षक को मिला प्रशस्ति पत्र

गरियाबंद/देवभोग : वन्यप्राणियों की सुरक्षा और अवैध शिकार के खिलाफ मुहिम में साहसिक भूमिका निभाने वाले वनरक्षक लम्बोदर सोरी को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। गरियाबंद के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह में कलेक्टर रणबीर शर्मा ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।
लम्बोदर सोरी को यह सम्मान वन्यप्राणी संरक्षण और वानिकी प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है। खासतौर पर तेंदुए के अवैध शिकार से जुड़े मामले में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। उन्होंने साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए ओडिशा तक कार्रवाई में अहम योगदान दिया और मामले के आरोपियों को पकड़कर जेल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
तेंदुआ शिकार मामले में ओडिशा तक की थी कार्रवाई
तेंदुए के अवैध शिकार का मामला सामने आने के बाद आरोपियों तक पहुंचना वन विभाग के लिए चुनौतीपूर्ण था। इस दौरान वनरक्षक लम्बोदर सोरी ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ने की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ओडिशा से आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराने में उनके योगदान को वन्यजीव संरक्षण की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि माना गया।
देवभोग क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा की संभाल रहे जिम्मेदारी
लम्बोदर सोरी वर्तमान में वन विभाग में परिसर रक्षक के रूप में धूमरगुड़ा, धूपकोट एवं इंदागांव (देवभोग) परिक्षेत्र में सेवाएं दे रहे हैं। वन्यजीवों की सुरक्षा, अवैध शिकार पर रोक और वन संरक्षण से जुड़े कार्यों में उनकी सक्रियता को देखते हुए उन्हें जिला स्तरीय समारोह में सम्मानित किया गया।
कलेक्टर ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया उत्साह
राज्योत्सव के मंच पर कलेक्टर रणबीर शर्मा ने लम्बोदर सोरी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यह सम्मान उनके व्यक्तिगत योगदान के साथ ही वन विभाग के उन मैदानी कर्मचारियों के समर्पण की भी पहचान है, जो विषम परिस्थितियों में जंगल और वन्यप्राणियों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदारी निभाते हैं।
मंत्री टंकराम वर्मा की मौजूदगी में हुआ सम्मान समारोह
जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह में प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में राजिम विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, नगर पालिका परिषद गरियाबंद के अध्यक्ष रिखीराम यादव, कलेक्टर रणबीर शर्मा, पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चन्द्राकर सहित जिले के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रयासों को प्रोत्साहित किया गया।







