रायगढ़ में जुआ खेलने वालों पर पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, 11 गिरफ्तार

रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जुआ-सट्टा के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत चक्रधरनगर और छाल थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर जुआ फड़ों में दबिश दी। इस दौरान कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से ₹48,800 नकद, ताश की गड्डियां और 8 मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री जब्त की है।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 2 नवंबर 2026 को की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पंडरीपानी में काटपत्ती जुआ खेलते दो गिरफ्तार

चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंडरीपानी पूर्व बस्ती के बाहर खुले मैदान में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर काटपत्ती जुआ खेल रहे हैं।

सूचना मिलते ही प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चन्द्राकर के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर कुछ लोग अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों के रास्ते फरार हो गए। हालांकि, मौके से प्रवीण कुमार निषाद (37), निवासी चिरजीवीदास नगर और अजय कुमार कुसराम (43), निवासी पंडरीपानी पूर्व को पकड़ लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से ₹24,800 नकद, 52 पत्ती ताश और एक पुरानी प्लास्टिक चटाई जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ थाना चक्रधरनगर में धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई।

छाल में दो जुआ फड़ों पर एक साथ छापा, 9 आरोपी गिरफ्तार

इधर, छाल थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस को 1 और 2 नवंबर की दरमियानी रात ग्राम बांधापाली मंदिर के पास खेदापाली क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर बिजली की रोशनी में ताश के जरिए जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी।

थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के निर्देश पर सहायक उप निरीक्षक शिव खरे और प्रधान आरक्षक शंभू पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर दबिश दी।

पहले जुआ फड़ से 5 आरोपी पकड़ाए

पुलिस ने मुकेश कुमार साहू (38), दुरबिन लाल यादव (42), सुरेन्द्र कुमार नायक (52), विरेन्द्र उर्फ दामोदर (44) और बलराम सिंह उर्फ रवि ठाकूर (36) को गिरफ्तार किया।

इनके कब्जे और जुआ फड़ से ₹12,450 नकद, 52 पत्ती ताश, एक प्लास्टिक बोरी और 4 मोबाइल फोन जब्त किए गए। जब्त मोबाइल में वीवो Y56, वीवो Y9, वनप्लस नॉर्ड CE और ओप्पो A17K शामिल हैं।

दूसरे जुआ फड़ से 4 आरोपी गिरफ्तार

दूसरी कार्रवाई में पंचम सिंह गोंड (39), राजेन्द्र उर्फ राजा निर्मलकर (35), दीपक पटेल (22) और ललेश चन्द्रा (33) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने इनके कब्जे से ₹11,550 नकद, 52 पत्ती ताश, एक प्लास्टिक बोरी और 4 मोबाइल फोन जब्त किए। इनमें वीवो V Y9 5G, रियलमी UI, वीवो V29 और लावा कंपनी का कीपैड मोबाइल शामिल है।

छाल पुलिस ने सभी 9 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियां सामाजिक और आर्थिक अपराधों को बढ़ावा देती हैं। रायगढ़ पुलिस ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि जिले में कहीं भी जुआ-सट्टा संचालित होने की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रायगढ़ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button