धमतरी के जंगल में दंतैल का डेरा, जोगीडीह समेत कई गांवों में हाई अलर्ट

धमतरी :  जिले के केरेगांव वन परिक्षेत्र की छुही बीट में इन दिनों एक दंतैल हाथी की मौजूदगी से ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता बढ़ गई है। वन विभाग को हाथी की लोकेशन मिलने के बाद आसपास के गांवों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। हाथी के आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ने की आशंका को देखते हुए वन अमला लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है।

P-143 के आसपास मौजूद है दंतैल

वन विभाग के अनुसार दंतैल हाथी फिलहाल कक्ष क्रमांक P-143 के आसपास विचरण कर रहा है। विभाग को आशंका है कि हाथी आगे बढ़कर जोगीडीह के आबादी क्षेत्र और धमतरी केरेगांव रेंज की ओर जा सकता है।

इसी को देखते हुए जोगीडीह, छुही, पीपरछेड़ी, बाजारकुर्रीडीह, साल्हेभाट, सिरौदकला और कमारपारा समेत आसपास के गांवों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा बासीखाई, झुरातराई और भालुचुवा के ग्रामीणों को भी सावधान रहने की अपील की गई है।

10 किलोमीटर के दायरे में निगरानी

हाथी की गतिविधियों को देखते हुए उसके आसपास करीब 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाली बस्तियों को सतर्क किया गया है। वन विभाग की टीमें लगातार इलाके में गश्त और निगरानी कर रही हैं।

पीपरछेड़ी और कमारपारा सहित प्रभावित क्षेत्रों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को हाथी से दूरी बनाए रखने की जानकारी दी जा रही है।

हाथी दिखे तो न जाएं करीब

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि दंतैल हाथी दिखाई दे तो उसके नजदीक जाने या उसे किसी भी तरह परेशान करने की कोशिश न करें। हाथी की मौजूदगी की सूचना तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी को दें।

विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों के आधार पर ग्रामीणों को लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही है।

गरियाबंद की ओर से पहुंचा दंतैल

जानकारी के मुताबिक यह दंतैल हाथी गरियाबंद की ओर से उत्तर सिंगपुर होते हुए केरेगांव रेंज में पहुंचा है। इसके बाद से वन विभाग की टीम हाथी के मूवमेंट पर लगातार नजर बनाए हुए है।

फिलहाल विभाग का मुख्य फोकस हाथी को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button