बड़ा न्यायिक फेरबदल: जस्टिस कृष्ण राम महापात्रा होंगे छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस

बिलासपुर :छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को नया मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। केंद्र सरकार ने 5 सितंबर को जारी अधिसूचना के माध्यम से ओडिशा हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस कृष्ण राम महापात्रा को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है।

इसी के साथ हाईकोर्ट के स्तर पर एक महत्वपूर्ण न्यायिक बदलाव हुआ है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल को राजस्थान हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

26 साल से अधिक का न्यायिक एवं कानूनी अनुभव

जस्टिस कृष्ण राम महापात्रा ने 7 फरवरी 1988 को उड़ीसा राज्य बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराया था। उन्हें सिविल, सेवा, आपराधिक और संवैधानिक कानून समेत विभिन्न विधिक क्षेत्रों में लंबा अनुभव है।

अपने अधिवक्ता कार्यकाल के दौरान उन्होंने राज्य सरकार के साथ-साथ उड़ीसा लोक सेवा आयोग के लिए अतिरिक्त स्थायी वकील के रूप में भी कार्य किया। इसके अलावा वे विभिन्न प्रमुख संस्थानों और सार्वजनिक उपक्रमों के अधिवक्ता भी रहे।

इनमें सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, क्योंझर, केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS), नई दिल्ली, नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड और बैंक ऑफ बड़ौदा सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।

2015 में बने थे हाईकोर्ट के न्यायाधीश

जस्टिस कृष्ण राम महापात्रा को 17 अप्रैल 2015 को ओडिशा हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया था। अब केंद्र सरकार की अधिसूचना के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल अब राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभालेंगे। दोनों नियुक्तियों को देश के उच्च न्यायालयों में महत्वपूर्ण न्यायिक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button