धार्मिक स्थल पर ‘झपटमारी गैंग’ का आतंक! जतमई धाम से चैन उड़ाकर भागे, पुलिस ने महाराष्ट्र से 7 दबोचे

छुरा/गरियाबंद : जतमई धाम में दर्शन के लिए पहुंची महिला के गले से सोने की चैन झपटकर फरार हुए अंतरराज्यीय गिरोह का गरियाबंद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में महाराष्ट्र के नागपुर क्षेत्र से जुड़े सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से झपटमारी की गई सोने की चैन, वारदात में प्रयुक्त कार और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस की कार्रवाई तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई।

पुलिस के अनुसार आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम फरफौद निवासी 55 वर्षीय नेमिन चंद्राकर अपने परिवार के साथ 9 अगस्त 2026 को जतमई धाम दर्शन के लिए पहुंची थीं। उन्होंने गले में करीब दो तोला वजन की सोने की चैन पहनी हुई थी, जिसकी खरीदी के समय कीमत लगभग 1 लाख 11 हजार रुपये बताई गई है। दर्शन के दौरान पांच-छह अंजान महिलाएं उनके आसपास पहुंचीं और बातचीत करने लगीं। इसी दौरान महिला को गले में हल्का खिंचाव महसूस हुआ। गले पर हाथ लगाने पर सोने की चैन गायब मिली। अज्ञात आरोपियों द्वारा भीड़ का फायदा उठाकर चैन झपटमारी की घटना को अंजाम दिया गया था।पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना छुरा में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

सीसीटीवी फुटेज से मिला आरोपियों का सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गरियाबंद एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना छुरा पुलिस और साइबर सेल की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान कुछ संदिग्ध महिलाएं एक काले रंग की कार क्रमांक एमएच 49 सीएस 2471 में बैठकर मौके से फरार होती दिखाई दीं।

सीसीटीवी फुटेज में मिले हुलिए तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जतमई धाम में महिला के गले से सोने की चैन झपटकर फरार होना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने सभी सात आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।

गिरफ्तार किए गए आरोपी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में रौनक पानतावणे (30), सीमा पात्रे (40), विध्या उफाडे (30), मुस्कान पात्रे (26), मीना खडसे (35), नंदिनी पाथरे (30) और छाया उफाडे (50) शामिल हैं। सभी आरोपी महाराष्ट्र के नागपुर एवं आसपास के क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

सोने की चैन, कार और मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से झपटमारी की गई सोने की चैन, घटना में प्रयुक्त काले रंग की कार तथा मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों में भीड़ का फायदा उठाकर विशेष रूप से बुजुर्ग महिलाओं और अन्य आसान लक्ष्य को निशाना बनाता था।

इस कार्रवाई से जतमई जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस की सतर्कता सामने आई है। पुलिस द्वारा आरोपियों के अन्य आपराधिक मामलों और संभावित वारदातों में संलिप्तता के संबंध में भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button