प्रदेश में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट

रायपुर : छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार आज से प्रदेशभर में मेघगर्जन, बिजली चमकने और वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के संकेत हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के मुताबिक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वज्रपात तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इन जिलों में बारिश की संभावना
भारतीय मौसम विभाग की जिला स्तरीय नाउकास्ट चेतावनी के अनुसार सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। यह चेतावनी गुरुवार सुबह 10:13 बजे तक प्रभावी रहेगी।
पिछले 24 घंटे में यहां हुई बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 3 सेंटीमीटर बारिश दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कोरबा और पेंड्रा रोड में 2-2 सेंटीमीटर, जबकि पथरिया, मैनपाट, भैसमा, कांसाबेल, कटघोरा, पेंड्रा और सूरजपुर में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ। रायपुर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रायपुर में आंशिक बादल, बारिश और अंधड़ के संकेत
रायपुर शहर के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान में कहा गया है कि 4 जून को आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। शहर में बारिश, गरज-चमक अथवा अंधड़ चलने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार खुले में रखी कटी हुई फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। बारिश के दौरान वाहन सावधानी से चलाने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने तथा जलाशयों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही वर्षा के दौरान उर्वरक और कीटनाशकों के उपयोग से बचने की भी अपील की गई है।







