15वीं वर्षगांठ पर भक्ति में डूबा किरंदुल: पशुपतिनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

किरंदुल :  ग्राम पंचायत कोड़ेनार-4 स्थित प्राचीन पशुपतिनाथ मंदिर का 15वां स्थापना दिवस इस वर्ष अभूतपूर्व श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक गरिमा के साथ मनाया गया। शनिवार को आयोजित इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। दूर-दराज़ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल शिवलिंग के रुद्राभिषेक, विशेष पूजन एवं हवन से हुई। पशुपतिनाथ मंदिर सेवा समिति एवं गायत्री प्रज्ञा मंडल सेवा समिति, किरंदुल के संयुक्त तत्वावधान में 5 कुंडीय गायत्री यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुए यज्ञ में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर विश्व शांति और कल्याण की कामना की।

गायत्री परिवार की टोली ने मां दुर्गा, महालक्ष्मी और महासरस्वती के स्वरूप में मां गायत्री का पूजन वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया। पूरे विधि-विधान से आकाश, पृथ्वी, वायु, अग्नि और वरुण देव का आह्वान किया गया। यज्ञ के दौरान गायत्री मंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्र की गूंज से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो उठा।

दोपहर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जो देर शाम तक चलता रहा। नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन को सफल बनाया। दिनभर मंदिर परिसर में भक्ति गीतों की मधुर धुन और श्रद्धालुओं की भीड़ से आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।

स्थापना दिवस का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकता और समरसता का भी संदेश दे गया। समिति के सदस्यों ने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के आयोजन जारी रखने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button