कलेक्टर रणबीर शर्मा ने नगर पंचायत दाढ़ी का किया व्यापक निरीक्षण दौरा

बेमेतरा : कलेक्टर रणबीर शर्मा ने आज नगर पंचायत दाढ़ी का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों एवं नगरीय व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र में संचालित सार्वजनिक सुविधाओं जैसे पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई, कचरा निपटान, सड़कें और सार्वजनिक शौचालय आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर पंचायत के अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि नगरीय प्रशासन की जवाबदेही बढ़ी है और जनता को मूलभूत सुविधाएं समय पर मिलनी चाहिए। उन्होंने स्वच्छता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर कलेक्टर ने लिया कार्यक्रम स्थल का जायजा, दिए सख्त निर्देश
छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रस्तावित दौरे को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर रणबीर शर्मा ने नगर पंचायत दाढ़ी स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन स्थल की समग्र व्यवस्था का सूक्ष्म अवलोकन किया, जिसमें मंच निर्माण, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, पार्किंग स्थल, विद्युत आपूर्ति, आपातकालीन सेवाएं तथा सुरक्षा व्यवस्था शामिल थीं। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के दौरे में किसी भी प्रकार की लापरवाही या असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने समयबद्ध कार्य योजना बनाकर समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यक्रम के पूर्व सभी व्यवस्थाएं सुस्पष्ट, सुरक्षित और व्यवस्थित होनी चाहिए। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों से लेकर नगर प्रशासन और लोक निर्माण विभाग तक सभी अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और संपूर्ण तैयारियां समयसीमा में पूर्ण कर लें।

कलेक्टर ने किया शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल दाढ़ी का निरीक्षण, छात्रों से की आत्मीय बातचीत
कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने नगर पंचायत दाढ़ी प्रवास के दौरान शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल का निरीक्षण किया। विद्यालय पहुंचकर उन्होंने कक्षाओं का भ्रमण किया तथा विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ, शिक्षक की उपस्थिति तथा अध्ययन में आने वाली कठिनाइयों के बारे में विस्तार से चर्चा की। कई छात्रों ने आत्मविश्वास के साथ अपने विषयों से जुड़े उत्तर दिए, जिस पर कलेक्टर ने उनकी सराहना की। कलेक्टर ने शिक्षकों से कहा कि वे छात्रों को केवल परीक्षा के लिए नहीं, बल्कि जीवन के लिए तैयार करें। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे जीवन में सकारात्मक बदलाव संभव है। साथ ही विद्यालय परिसर की स्वच्छता, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और शौचालय की स्थिति का भी उन्होंने अवलोकन किया और जरूरी सुधार हेतु सुझाव दिए।

कलेक्टर रणबीर शर्मा ने किए बड़ादेव शिव मंदिर एवं रामजानकी मंदिर के दर्शन, मंदिरों के संरक्षण पर दिया जोर
अपने दाढ़ी प्रवास के अंतर्गत कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा ने नगर में स्थित ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों – प्राचीन बड़ादेव मंदिर और राम जानकी मंदिर में जाकर दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इन मंदिरों में पहुंचकर उन्होंने धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए परिसर की सफाई, प्राचीनता और सांस्कृतिक विरासत को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने मंदिर समिति एवं नगर पंचायत को निर्देशित किया कि इन धार्मिक स्थलों के रखरखाव एवं सौंदर्यीकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। कलेक्टर ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और इनका संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मंदिरों के सौंदर्यीकरण हेतु संभावित योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने के लिए भी निर्देशित किया।

गौरतलब है कि बड़ादेव शिव मंदिर क्षेत्र का एक प्राचीन और ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल हैं।इस दौरान एडीएम अनिल वाजपेयी, एसडीएम प्रकाश भारद्वाज, महिला बाल विकास अधिकारी सीसोदिया सहित संबंधित जिला अधिकारी उपस्थित थे |

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button