रायपुर में नशे के नेटवर्क पर बड़ा वार, चिट्टा समेत तीन आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े

रायपुर :  राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 6.33 ग्राम हेरोइन, 13 हजार रुपए नगद, चार आईफोन/मोबाइल फोन और एक मोपेड बरामद की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर खंडहर में पहुंची पुलिस

पुलिस के मुताबिक, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सांई नगर स्थित पॉम रेसीडेंसी के खंडहर परिसर में कुछ संदिग्ध लोगों के हेरोइन लेकर मौजूद होने की सूचना मुखबिर से मिली थी। बताया गया था कि संदिग्ध वहां नशीला पदार्थ बेचने के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की।

पुलिस को देखते ही भागने लगे आरोपी

कार्रवाई के दौरान तीन संदिग्ध पुलिस टीम के संपर्क में आए। पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही तीनों मौके से भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आयुष दुबे, अदनान खान और अब्दुल रेहान बताया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई।

6.33 ग्राम चिट्टा और ये सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 6.33 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की। इसके अलावा 13 हजार रुपए नकद, चार आईफोन/मोबाइल फोन और मोपेड क्रमांक CG 04 MW 2906 भी जब्त की गई है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए आंकी गई है।

नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज

तीनों आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में धारा 21(बी) नारकोटिक एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

सप्लायर और खरीदारों तक पहुंचने की कोशिश

गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आरोपियों से हेरोइन की सप्लाई के स्रोत और उससे जुड़े खरीदारों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस आरोपियों से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ कर रही है, ताकि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों तक पहुंचा जा सके।

पुलिस का कहना है कि मामले में एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा रही है और हेरोइन की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button