साइक्लोन अर्नब का असर कम होते ही बदलेगा मौसम, जानिए रायपुर समेत प्रदेश का हाल

रायपुर : साइक्लोन ‘अर्नब’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बीते कुछ दिनों से जारी बारिश का दौर अब कमजोर पड़ने के संकेत मिल रहे हैं। 28 अक्टूबर से शुरू हुई बारिश ने प्रदेश के कई इलाकों को भिगोया। खासकर उत्तरी छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा दर्ज की गई। कुसमी में सबसे ज्यादा 28 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। हालांकि, अब मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने का पूर्वानुमान जताया है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।

शुक्रवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हुई। उत्तरी इलाकों में वर्षा का प्रभाव ज्यादा रहा। लगातार बारिश से किसानों को भी नुकसान और परेशानियों का सामना करना पड़ा है। मौसम में बदलाव के साथ अब बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होने और तापमान बढ़ने की संभावना है।

रायपुर में आज बादल और बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, शहर में एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

कुसमी में 28 सेंटीमीटर बारिश, इन इलाकों में भी जमकर बरसे बादल

पिछले 48 घंटों के दौरान उत्तरी छत्तीसगढ़ में बारिश का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। कुसमी में 28 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं चांदो और सामरी में 14-14 सेंटीमीटर, कुनकुरी में 12 सेंटीमीटर, तमनार और रामानुजगंज में 9-9 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।

इसके अलावा रायगढ़, कांसाबेल, सन्ना और बगभा में 8-8 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश के चलते प्रदेश के तापमान में भी उतार-चढ़ाव बना हुआ है।

जगदलपुर सबसे गर्म, पेण्ड्रा रोड में सबसे कम तापमान

प्रदेश में अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस पेण्ड्रा रोड में रिकॉर्ड हुआ।

कुछ इलाकों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। अगले दो दिनों तक कुछ इलाकों में ऐसा ही मौसम बने रहने के आसार हैं।

बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने के बाद तापमान में बढ़ोतरी होगी। ऐसे में प्रदेशवासियों को आने वाले दिनों में एक बार फिर गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button