मनेन्द्रगढ़ में जमीन विवाद ने लिया खौफनाक मोड़, पिता की मौत के मामले में बेटा गिरफ्तार

मनेन्द्रगढ़ :  छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ में जमीन बेचने को लेकर हुए विवाद के बाद पिता की मौत के मामले में पुलिस ने उनके बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर विवाद के दौरान अपने पिता के साथ पानी के पाइप से मारपीट की थी। गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को मनेन्द्रगढ़ के लालपुर क्षेत्र में ऋषि कुमार सूर्यवंशी अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए थे। उनके शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल का फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम से निरीक्षण कराया गया और गवाहों के बयान दर्ज कर साक्ष्य जुटाए गए।

 जमीन बेचने को लेकर हुआ था विवाद

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 7 अक्टूबर को ऋषि कुमार सूर्यवंशी और उनके बेटे रवि कुमार सूर्यवंशी के बीच जमीन बेचने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, रवि अपने पिता पर जमीन बेचने के लिए दबाव बना रहा था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर पानी के पाइप से पिता के साथ मारपीट की।

पुलिस का कहना है कि मारपीट के कारण मृतक के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जो उनकी मौत का कारण बनीं।

 पूछताछ के बाद आरोपी गिरफ्तार

मामले की जांच के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने रवि कुमार सूर्यवंशी (27 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 6, लालपुर, मनेन्द्रगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में मनेन्द्रगढ़ कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले सहित पुलिस टीम की भूमिका रही। मामले में पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button