झांकी पर पुलिस कार्रवाई से भड़का आक्रोश, सिमगा बंद और नेशनल हाईवे पर चक्काजाम

बलौदाबाजार : जिले के सिमगा में गणेश विसर्जन के दौरान निकाली गई झांकी पर कथित पुलिस लाठीचार्ज को लेकर विवाद बढ़ गया है। शनिवार रात हुई कार्रवाई के विरोध में रविवार सुबह से कांग्रेस, भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे-130 पर चक्काजाम कर दिया है।
घटना के विरोध में सिमगा बंद का आह्वान भी किया गया है। बंद के समर्थन में नगर के अधिकांश दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखी हैं। वहीं जय स्तंभ चौक पर धरना प्रदर्शन जारी है, जिसमें अलग-अलग राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद हैं।
पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
प्रदर्शनकारी गणेश विसर्जन झांकी के दौरान कथित लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
प्रमुख मांगों में भाटापारा एसडीओपी, सिमगा थाना प्रभारी और घटना में शामिल पुलिसकर्मियों के निलंबन की मांग शामिल है।
कार्रवाई नहीं होने तक धरना जारी रखने का ऐलान
धरने में शामिल जनप्रतिनिधियों और प्रदर्शनकारियों का कहना है कि संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
फिलहाल सिमगा में बंद और चक्काजाम के चलते स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। मामले को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद शनिवार रात हुई कार्रवाई की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।







