तेज बहाव के बीच 70 यात्रियों की जान आफत में, पुलिस-ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू; चालक हिरासत में

रायपुर: राजधानी के पास सारागांव में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 70 यात्रियों से भरी जय अंबे की बस कोल्हान नाले के तेज बहाव में फंस गई। बस रायपुर से बलौदाबाजार जा रही थी। मौके पर पुलिस पहले से तैनात थी और वाहनों को पानी के तेज बहाव के कारण आगे जाने से रोका जा रहा था। इसके बावजूद बस चालक ने वाहन आगे बढ़ा दिया।
बस के नाले में फंसते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्री घबराकर खिड़की से बाहर निकलने की तैयारी करने लगे। स्थिति बिगड़ने से पहले पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने मोर्चा संभाला और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस ने रोका, फिर भी आगे बढ़ी बस
जानकारी के मुताबिक, मामला विधानसभा थाना क्षेत्र के कोल्हान नाले का है। नाले में पानी का बहाव तेज होने के कारण पुलिस की टीम मौके पर तैनात थी। वाहनों को आगे जाने से रोका जा रहा था।
इसी दौरान रायपुर से बलौदाबाजार जा रही जय अंबे की बस वहां पहुंची। बस में करीब 70 यात्री सवार थे। नाले में तेज बहाव देखकर यात्रियों ने भी चालक को आगे बढ़ने से मना किया।
इसके बावजूद चालक बस को आगे ले गया। इसी दौरान सामने से ट्रकों के आने के कारण बस को साइड करना पड़ा। साइड करते समय बस तेज बहाव की चपेट में आ गई और पानी के बीच फंस गई।
खिड़कियों से निकाले गए यात्री
बस के पानी में फंसते ही यात्रियों में घबराहट फैल गई। कुछ लोग खिड़कियों से बाहर निकलने की तैयारी करने लगे। हालात को देखते हुए पुलिसकर्मी तत्काल बस के पास पहुंचे।
पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर रेस्क्यू शुरू किया। यात्रियों को बस की दाईं ओर की खिड़कियों से बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने भी बचाव अभियान में पुलिस का सहयोग किया।
कड़ी मशक्कत के बाद बस में सवार सभी 70 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाद में बस को भी पानी के बहाव से बाहर निकाल लिया गया।
पुलिस की तत्काल कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
चालक हिरासत में, दस्तावेजों की भी जांच
घटना के बाद पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है कि मौके पर पुलिस की चेतावनी और यात्रियों के मना करने के बावजूद उसने बस को आगे क्यों बढ़ाया।
पुलिस ने बस का परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
CSP ने बताया कैसे फंसी बस
विधानसभा सीएसपी वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि शनिवार को कोल्हान नाले में पानी का बहाव काफी बढ़ा हुआ था। मौके पर पुलिस टीम वाहनों को आगे जाने से रोक रही थी।
उन्होंने बताया कि इसके बावजूद यात्री बस आगे बढ़ गई। इसी दौरान ट्रकों की आवाजाही के बीच बस को साइड करना पड़ा और वह तेज पानी के बहाव में फंस गई।
सीएसपी के मुताबिक, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए यात्रियों को खिड़कियों के रास्ते बाहर निकाला। सभी यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया और बस को भी बाहर निकाल लिया गया। चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है।







