महानदी में बहती आई शराब, बोतलें लूटने पुल पर जुटे लोग, जान जोखिम में डालकर करते रहे जुगाड़

अभनपुर : महानदी में आई बाढ़ के बीच अभनपुर क्षेत्र में शनिवार को एक अलग ही नजारा देखने को मिला। धमतरी जिले की ओर से तेज बहाव के साथ प्लास्टिक की बोतलों में शराब बहकर गोबरा नवापारा की ओर आने की जानकारी फैलते ही सोमवारी बाजार पुल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

रायपुर और धमतरी जिले को जोड़ने वाले इस पुल पर कई लोग नदी के तेज बहाव में नजरें टिकाए रहे। बताया जा रहा है कि पानी के साथ बहकर आ रही बोतलों को पकड़ने के लिए कुछ लोग पुल और नदी किनारे तक पहुंच गए।

बोतलें पकड़ने के लिए लगाया देसी जुगाड़

स्थानीय लोगों के मुताबिक, महानदी के तेज बहाव में प्लास्टिक की बोतलों में भरी शराब बहकर आ रही थी। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की संख्या बढ़ती गई।

कुछ लोग बांस में जाली लगाकर तो कुछ अन्य स्थानीय जुगाड़ के जरिए नदी के किनारे और पुल के आसपास बहकर आ रही बोतलों को निकालने की कोशिश करते नजर आए।

बोतलें पकड़ने की कोशिश में कई लोग नदी के बेहद करीब तक पहुंच गए। तेज बहाव के बावजूद लोगों में बोतलें निकालने की होड़ देखी गई।

जान जोखिम में डालना पड़ सकता है भारी

महानदी इस समय बाढ़ के कारण उफान पर है और पानी का बहाव काफी तेज बताया जा रहा है। ऐसे में शराब की बोतल पकड़ने के लिए नदी या उसके बेहद करीब जाना गंभीर हादसे का कारण बन सकता है।

सोमवारी बाजार पुल पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही। नदी में बहकर आ रही बोतलों को लेकर मौके पर लोगों के बीच चर्चा होती रही।

प्रशासन लगातार लोगों से नदी, पुल और तेज बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखने की अपील कर रहा है। बाढ़ के दौरान पानी का बहाव अचानक बदल सकता है, ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button