बारिश से उफन रही हसदेव नदी में बड़ा हादसा, पिकनिक मनाने आए तीन छात्र डूबे

जांजगीर-चांपा :छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पिकनिक मनाने पहुंचे कॉलेज छात्रों के साथ शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। देवरी पिकनिक स्पॉट पर हसदेव नदी में तीन छात्र डूब गए। बताया जा रहा है कि नदी किनारे फोटो खींचाने के दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के लिए उसके दो दोस्तों ने भी नदी में छलांग लगा दी, लेकिन तेज बहाव में तीनों बह गए।

हादसे के बाद शनिवार को दोबारा शुरू किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन में एक छात्र का शव बरामद कर लिया गया है। मृतक की पहचान पवन लाल, निवासी चिरमिरी के रूप में हुई है। वहीं दो अन्य छात्रों की तलाश अभी जारी है।

पिकनिक मनाने आए थे 8 छात्र

जानकारी के अनुसार, घटना बलौदा थाना क्षेत्र के देवरी गांव की है। बिलासपुर स्थित चौकसे कॉलेज के बी फार्मा प्रथम वर्ष के चार छात्र और चार छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने देवरी पहुंचे थे।

इसी दौरान पवन लाल, सचिन सिंह और मुरारी साहू नदी किनारे सेल्फी और फोटो खींचने के लिए खड़े थे। इसी दौरान एक छात्र का अचानक पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बहने लगा। दोस्त को डूबता देखकर दो अन्य छात्रों ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। देखते ही देखते तीनों छात्र तेज बहाव की चपेट में आ गए।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ

हादसे की सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया और नदी में रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

लगातार हो रही बारिश के कारण हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और बहाव भी तेज था। ऐसे में बचाव दल को अभियान चलाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा।

शनिवार सुबह फिर से तलाश शुरू की गई। इसी दौरान रेस्क्यू टीम ने एक छात्र का शव बरामद कर लिया। शव की पहचान पवन लाल के रूप में हुई है।

दो छात्रों की तलाश अब भी जारी

पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बलौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। वहीं सचिन सिंह और मुरारी साहू की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

देवरी पिकनिक स्पॉट की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

इस हादसे के बाद देवरी पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हर साल बड़ी संख्या में लोग यहां पिकनिक मनाने पहुंचते हैं। इससे पहले भी नदी में डूबने से लोगों की मौत की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

बावजूद इसके पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की बात सामने आती रही है। नदी के आसपास चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी जैसे इंतजामों को मजबूत करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button