दंतेवाड़ा में जादू-टोना के शक में बुजुर्ग की हत्या, पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई वारदात

दंतेवाड़ा : गीदम थाना क्षेत्र के ग्राम समलूर (उईकापारा) में जादू-टोना करने के संदेह में एक बुजुर्ग की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर 2026 को ग्राम समलूर निवासी करीब 65 वर्षीय सुखराम सोढ़ी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतक के चेहरे, गाल, कान और माथे पर चोट के निशान पाए गए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और शव का पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि बुजुर्ग की मौत कठोर एवं कुंद वस्तु से चोट लगने के कारण हुई है। इसके बाद थाना गीदम में अपराध क्रमांक 76/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जादू-टोना के शक में रची हत्या की साजिश
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक पर जादू-टोना करने का संदेह किया जा रहा था। इसी बात को लेकर आरोपी उससे नाराज थे। पुलिस के अनुसार, इसी संदेह के चलते आरोपियों ने बुजुर्ग की हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के दौरान उनके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल लकड़ी का पट्टा सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में ग्राम समलूर निवासी तीन युवकों को गिरफ्तार किया है—
– धनीराम भोगामी उर्फ मोटू (28 वर्ष)
– बिनेश सोढ़ी उर्फ बीनू (25 वर्ष)
– मंगतू सोढ़ी (27 वर्ष)
तीनों आरोपियों को 11 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय दंतेवाड़ा में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार खूंटे एवं उप पुलिस अधीक्षक आकांक्षा सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गीदम के नेतृत्व में की गई।







