खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई : कई मिठाई और बेकरी प्रतिष्ठानों में मारा छापा, द ब्रेड बास्केट फैक्ट्री सील

रायपुर : राजधानी रायपुर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया। विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल अपनी टीम के साथ विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में जांच के लिए पहुंचे। इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, विभाग की टीम ने समता कॉलोनी स्थित द ब्रेड बास्केट की फैक्ट्री का निरीक्षण किया, जहां अव्यवस्था मिलने पर फैक्ट्री को सील किया गया। साथ ही यहां तैयार किए जा रहे नमकीन, कुकीज और ब्रेड के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। इसके अलावा टीम ने भानपुरी स्थित खत्री स्वीट्स, कमल विहार स्थित कृष्ण स्वीट्स और दावड़ा कॉलोनी स्थित अग्रवाल मिठाई वाला में भी औचक निरीक्षण किया। इन प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।

अस्वच्छता मिलने पर ब्रेड और मैदा जब्त

निरीक्षण के दौरान अस्वच्छता पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए नष्टीकरण के लिए करीब 80 किलो ब्रेड और मैदे की 8 बोरियां जब्त की गई हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की यह कार्रवाई खाद्य पदार्थों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के उद्देश्य से की जा रही है। फिलहाल विभिन्न प्रतिष्ठानों में विभाग की जांच और कार्रवाई जारी है।

ब्रेड स्टोर में घूम रहा था चूहा, भारी गंदगी भी मिली : नोडल अधिकारी

राज्य नोडल अधिकारी डोमेंद्र ध्रुव ने बताया, द ब्रेड बास्केट फैक्ट्री को सील किया गया है। नष्टीकरण के लिए मैदा और ब्रेड को जब्त किया गया है। विकास जदवानी इस फैक्ट्री के मालिक हैं। ब्रेड स्टोर में चूहा घूम रहा था। यहां भारी गंदगी भी मिली है। अनहैजनिक स्थिति को देखते हुए फैक्ट्री को सील किया गया है। उन्होंने बताया, इसके पहले भी यहां कार्रवाई हुई है, बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ है। खाद्य पदार्थों का सैंपल भी लिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button