पिता-पुत्र और रिश्तेदार मिलकर कर रहे थे नशीली दवाओं की सप्लाई! पुलिस ने दबिश देकर दबोचा

बिलासपुर: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम गुड़ी में दबिश देकर पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4750 नग प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए हैं। जब्त दवाओं का कुल वजन 2,495.64 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है।
दूसरे राज्यों से नशीली दवाएं लाने की सूचना
पुलिस के मुताबिक, एसीसीयू बिलासपुर को सूचना मिली थी कि ग्राम गुड़ी निवासी उग्रसेन लोनिया अपने पुत्र मुकेश लोनिया और रिश्तेदार परमेश्वर लोनिया के साथ मिलकर दूसरे राज्यों से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं मंगाकर उनकी बिक्री की तैयारी कर रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसीसीयू और सीपत पुलिस की संयुक्त टीम ने उग्रसेन लोनिया के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान पुलिस को तीनों आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में नशीले कैप्सूल और टैबलेट मिले।
4750 नग नशीली दवाएं जब्त
पुलिस का कहना है कि बरामद दवाओं के संबंध में आरोपियों के पास कोई वैध दस्तावेज या चिकित्सकीय पर्चा नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार जब्त नशीली दवाओं में प्रॉक्सिको स्पास कैप्सूल और अल्प्राविन टैबलेट के कुल 4750 नग शामिल हैं। इनका कुल वजन 2,495.64 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 22(सी) और 29 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित दवाओं की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
एक आरोपी पहले भी हो चुका है गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मुकेश कुमार लोनिया इससे पहले भी नारकोटिक्स एक्ट की धारा 21 और 22 के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। उसके पुराने रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस मामले की जांच को और गंभीरता से आगे बढ़ा रही है।
फिलहाल पुलिस नशीली दवाओं के स्रोत, सप्लाई चैन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क तक पहुंचने के लिए मामले में एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी।







