चित्रोत्पला फिल्म सिटी को लेकर बड़ा अपडेट, निर्माण एजेंसी को नोटिस; बैंक गारंटी जब्त होने का खतरा

रायपुर : नवा रायपुर में विकसित की जा रही महत्वाकांक्षी चित्रोत्पला फिल्म सिटी परियोजना की निर्माण गति को लेकर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने सख्त रुख अपनाया है। परियोजना की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाए जाने पर बोर्ड ने संबंधित एजेंसी Eagle Studios Entertainment Limited को औपचारिक नोटिस जारी किया है।
साथ ही संविदात्मक दायित्वों के पालन में कमी को देखते हुए एजेंसी की करीब 17 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी को इनवोक/जब्त किए जाने की कार्रवाई के संबंध में भी नोटिस दिया गया है। हालांकि फिलहाल यह कार्रवाई नोटिस और संविदात्मक प्रावधानों के तहत संभावित कदम के तौर पर सामने आई है।
31 मार्च 2027 तक पूरा होना है पहला चरण
चित्रोत्पला फिल्म सिटी परियोजना के प्रथम चरण को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। टूरिज्म बोर्ड की समीक्षा में सामने आया कि उपलब्ध समय की तुलना में परियोजना की मौजूदा प्रगति पर्याप्त नहीं है।
बोर्ड के मुताबिक यदि काम इसी गति से चलता रहा तो निर्धारित समय-सीमा प्रभावित होने की आशंका है। इसी को देखते हुए एजेंसी से निर्माण कार्य में वास्तविक और सत्यापन योग्य तेजी लाने को कहा गया है।
ये भी पढ़े :
100 एकड़ में विकसित हो रही फिल्म सिटी
नवा रायपुर के माना-तूता क्षेत्र में करीब 100 एकड़ में चित्रोत्पला फिल्म सिटी विकसित की जा रही है। परियोजना की परिकल्पना छत्तीसगढ़ को फिल्म निर्माण, फिल्म पर्यटन और क्रिएटिव इंडस्ट्री के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की है।
परियोजना में आधुनिक फिल्म स्टूडियो, इनडोर और आउटडोर शूटिंग सुविधाएं, स्थायी फिल्म सेट, प्री और पोस्ट-प्रोडक्शन सुविधाओं सहित फिल्म निर्माण से जुड़ी अन्य अधोसंरचनाएं विकसित की जानी हैं।
इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ी सिनेमा को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ दूसरे राज्यों के फिल्म निर्माताओं को आकर्षित करना, स्थानीय कलाकारों और तकनीकी कर्मियों के लिए अवसर बढ़ाना तथा फिल्म पर्यटन को प्रोत्साहित करना है।
डिजाइन से लेकर तकनीकी अमले तक, एजेंसी को दिए निर्देश
टूरिज्म बोर्ड ने एजेंसी को आवश्यक डिजाइन और तकनीकी दस्तावेज समय पर प्रस्तुत करने, जरूरी अनुमतियां हासिल करने, पर्याप्त तकनीकी एवं पेशेवर अमला तैनात करने और साइट पर वास्तविक भौतिक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बोर्ड की समीक्षा में निर्माण कार्य के पर्याप्त स्तर पर शुरू नहीं होने के साथ परियोजना प्रबंधन और आवश्यक अनुमतियों से जुड़ी कमियां भी सामने आने की बात कही गई है।
सिर्फ आश्वासन से नहीं चलेगा काम
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि केवल आश्वासन, प्रस्तावित समय-सारिणी या पत्राचार को पर्याप्त अनुपालन नहीं माना जाएगा। एजेंसी को मौके पर वास्तविक और सत्यापन योग्य सुधार दिखाना होगा।
यदि निर्धारित अवधि में संतोषजनक सुधार नहीं हुआ तो टूरिज्म बोर्ड द्वारा बैंक गारंटी इनवोक करने, अनुबंध समाप्त करने और अनुबंध व कानून के तहत उपलब्ध अन्य कार्रवाई की जा सकती है।
‘परियोजना में विलंब बर्दाश्त नहीं’
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे ने कहा कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी राज्य की महत्वपूर्ण प्राथमिकता वाली परियोजनाओं में शामिल है। इसके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर कोताही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संबंधित एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप धरातल पर दिखाई देने वाली ठोस प्रगति सुनिश्चित करनी होगी। संविदात्मक दायित्वों का पालन नहीं होने की स्थिति में बैंक गारंटी जब्त करने से लेकर अनुबंध के तहत उपलब्ध अन्य कार्रवाई की जाएगी।
टूरिज्म बोर्ड का कहना है कि परियोजना को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और जवाबदेही के साथ पूरा करना प्राथमिक उद्देश्य है।







