लंबे इलाज के बाद कल रायपुर लौटेंगे किरण देव, BJP प्रदेश अध्यक्ष बदलने की चर्चाओं पर विराम

रायपुर : सड़क हादसे के बाद दिल्ली में उपचार और स्वास्थ्य लाभ ले रहे छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव अब प्रदेश लौटने वाले हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक वे 23 सितंबर 2026 को दिल्ली से रवाना होकर रायपुर पहुंचेंगे। उनके रायपुर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत की तैयारी की जा रही है।

किरण सिंह देव की वापसी के साथ प्रदेश भाजपा संगठन को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी विराम लगने की स्थिति बन गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य लाभ के बाद वे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के तौर पर संगठन की जिम्मेदारी फिर संभालेंगे।

29 जुलाई को हुआ था सड़क हादसा

बता दें कि 29 जुलाई 2026 को किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल हुए थे। वे परिवार के साथ बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में झांसी-ललितपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर उनकी इनोवा कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई थी। हादसे के बाद उन्हें पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिया गया और फिर झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

बाद में बेहतर उपचार के लिए उन्हें दिल्ली के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया। रिपोर्टों के मुताबिक हादसे में उनकी कमर की हड्डी में चोट आई थी और दिल्ली में उनका उपचार चला।

दिल्ली में नेताओं ने जाना हाल

उपचार के दौरान दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ निवास में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भी किरण सिंह देव से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन समेत पार्टी के अन्य नेताओं के उनके संपर्क में रहने की जानकारी सामने आई थी।

अब स्वास्थ्य में सुधार के बाद किरण सिंह देव की छत्तीसगढ़ वापसी हो रही है। उनके रायपुर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत की तैयारी की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button