बीच सड़क जन्मदिन का जश्न और फिर FIR! भाजयुमो जिलाध्यक्ष समेत 3 के खिलाफ केस दर्ज

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही : गौरेला के अमरकंटक चौक के पास बीच सड़क जन्मदिन समारोह आयोजित कर यातायात बाधित करना भाजयुमो जिलाध्यक्ष समेत अन्य लोगों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर समारोह का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भाजयुमो के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे ‘सिद्धू’, मौसम ताम्रकार और ऋतुराज अग्रवाल समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक घटना 18 सितंबर 2026 की है। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही भाजयुमो के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे ‘सिद्धू’ का जन्मदिन अमरकंटक चौक के पास सड़क पर मनाया गया। समारोह के लिए सड़क पर मंच तैयार किया गया था। ढोल-ताशों और लोगों की भीड़ के कारण मौके पर यातायात प्रभावित हुआ। इस दौरान सड़क से गुजरने वाले कार और बाइक चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गौरेला पुलिस ने स्वत: संज्ञान लिया। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने मुख्य आयोजनकर्ता सिद्धार्थ दुबे ‘सिद्धू’ के साथ मौसम ताम्रकार और ऋतुराज अग्रवाल समेत अन्य लोगों की पहचान की और उनके खिलाफ अपराध दर्ज किया।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 285 और धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। धारा 285 सार्वजनिक मार्ग में बाधा या खतरा उत्पन्न करने से संबंधित है, जबकि धारा 3(5) सामान्य आशय से कई व्यक्तियों द्वारा किए गए कृत्य से संबंधित है।

पुलिस ने कहा- कानून सभी के लिए समान
गौरेला पुलिस का कहना है कि कानून और नियम सभी के लिए समान हैं। सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति भीड़ जुटाने, सड़क बाधित करने और आम लोगों की सुविधा एवं सुरक्षा प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की वैधानिक विवेचना कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button