दंतेवाड़ा के गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर! सांसद ने उठाई 25 दिन में सिलेंडर रिफिल की मांग, मंत्री को लिखा पत्र

दंतेवाड़ा : बस्तर सांसद महेश कश्यप ने दंतेवाड़ा जिले के शहरी क्षेत्रों में रसोई गैस सिलेंडर की रीफिल अवधि को 45 दिन से घटाकर 25 दिन करने की मांग को लेकर केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखा है।
सांसद कश्यप ने पत्र में अवगत कराया है कि वर्तमान में दंतेवाड़ा, गीदम, बचेली, किरंदुल, बारसूर सहित जिले के नगरीय क्षेत्रों में गैस एजेंसियों द्वारा 45 दिन से पहले दूसरा सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है, जबकि प्रदेश के अन्य शहरी क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को 25 दिन में दूसरा सिलेंडर उपलब्ध हो जाता है।
उन्होंने कहा कि शहरी परिवारों में एक सिलेंडर औसतन 25 से 30 दिन में ही समाप्त हो जाता है। 45 दिन के नियम के कारण आम जनता को 15-20 दिन तक भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। मजबूरी में लोगों को ब्लैक में महंगा सिलेंडर लेना पड़ता है अथवा लकड़ी-कोयले का उपयोग करना पड़ता है, जिससे स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
सांसद श्री कश्यप ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया है कि दंतेवाड़ा जिले की भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए संबंधित कंपनियों को निर्देशित किया जाए कि यहाँ भी सिलेंडर प्रदाय की समय-सीमा अन्य शहरों की तरह 25 दिन की जाए।इस संबंध में दंतेवाड़ा कलेक्टर को भी सूचनार्थ पत्र की प्रतिलिपि प्रेषित की गई है।
जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा के शहरी क्षेत्र दंतेवाड़ा, किरन्दुल, बचेली,बारसूर एवं गीदम में संचालित गैस एजेंसियों मेसर्स प्रज्ञा इंडेन दंतेवाड़ा एवं मेसर्स माँ दंतेश्वरी इंडेन गीदम में वर्तमान में 45 दिनों का गैस रिफिलिंग अंतराल लागू है।
कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार दंतेवाड़ा में कुल 15716 (APL-8756, BPL-6960) एवं गीदम में 10601 (APL-3740, BPL-6861) गैस उपभोक्ता हैं। APL उपभोक्ताओं द्वारा माह में एक बार अनिवार्य रूप से रिफिलिंग प्राप्त की जा रही है, परन्तु 45 दिन के लंबे अंतराल के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार उपभोक्ताओं और एजेंसी संचालकों के बीच वाद-विवाद की स्थिति भी निर्मित हो रही है।
इस संबंध में पूर्व में कार्यालयीन ज्ञापन क्रमांक 295/खाद्य/2026 दिनांक 19.03.2026 एवं 372/खाद्य/2026 दिनांक 17.04.2026 के माध्यम से मंडल प्रबंधक, इंडियन ऑयल, रायपुर को अवगत कराया गया था।
उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर, जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा द्वारा सचिव, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, महानदी भवन, अटल नगर, नवा रायपुर को पत्र प्रेषित कर गैस रिफिलिंग का अंतराल 45 दिन से घटाकर 25 दिन करने का प्रस्ताव भेजा गया था । बस्तर सांसद महेश कश्यप ने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी को पत्र लिखकर शहरी क्षेत्र में गैस सिलेंडर रिफिलिंग की अवधि घटाने की मांग की है |







