रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम सुहाना, लेकिन 10 जिलों में बारिश-बिजली का अलर्ट; जानें आज का अपडेट

रायपुर :  छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के प्रभाव से पूरे प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां जारी है. इसके अगले 24 घंटे तक एक्टिव रहने के आसार हैं. मंगलवार को प्रदेश के कई इलाकों में पानी गिरा, जबकि सरगुजा छोड़कर सभी संभागों के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई. अब तक का मौसमी सब-डिविज़नल वर्षा सामान्य रही है. इसमें 2 प्रतिशत का अंतर है.

एक्टिव सिस्टम के आगे बढ़ने की संभावना

मौसम विभाग ने बताया कि 25 अगस्त को झारखंड और उसके आस-पास के इलाकों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र उसी जगह पर बना हुआ है. इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है और ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है. इस सिस्टम के अगले 24 घंटों के दौरान लगभग पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है.

रायपुर में आज कैसा रह सकता है मौसम ?

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में बादल छाए रहेंगे, बौछारें भी राजधानी रायपुर में 26 अगस्त (Raipur Ka Aaj Ka Mausam) को आकाश सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है. एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

इन जिलों में बुधवार सुबह बारिश के आसार

मौसम विभाग ने आज सुबह 7 बजे से अगले तीन घंटों के लिए कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवा और वर्षा की संभावना जताई गई है. इन इलाकों में यलो अलर्ट जारी किया गया है.

बीते 24 घंटे में ऐसा रहा मौसम का हाल, बड़े बचेली में 17 सेमी बारिश

मंगलवार को प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान दुर्ग में 32.4 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया. वहीं पेंड्रारोड में 22.0 डिग्री न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ. प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. वर्षा के मुख्य आंकड़ों के अनुसार बड़े बचेली में सर्वाधिक 17 सेमी बारिश हुई. इसके अलावा ओडगी में 12 सेमी, राजिम में 11 सेमी, जबकि कुटरू, गोबरा नवापारा और मस्तूरी में 10-10 सेमी वर्षा दर्ज की गई. गंगालूर, भोपालपट्टनम और बीजापुर में 9-9 सेमी बारिश हुई.

बिहारपुर, मंदिर हसौद, अकलतरा और कोरबा में 8-8 सेमी वर्षा दर्ज की गई. वहीं भैसमा, कर्तला, उसूर, माना-रायपुर एपी, भैरमगढ़, बोदरी, कुरूद और महासमुंद में 7-7 सेमी बारिश हुई. तमनार, रायपुर शहर, आरंग, लैलूंगा, छिंदगढ़, बलौदा बाजार, लाभांडी, बलौदा, खरोरा और सुकमा में 6-6 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा प्रदेश के कई अन्य स्थानों पर 5 सेमी या उससे कम बारिश दर्ज हुई.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button