मोहल्ले वासियों ने पकड़ी गांजा तस्करी, स्कॉर्पियो से 5 क्विंटल गांजा किया बरामद, ड्राइवर फरार

रायपुर : राजधानी रायपुर में गांजा तस्करी से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो के नाली में फंसने के बाद स्थानीय लोगों को वाहन के भीतर भारी मात्रा में गांजा होने का संदेह हुआ। लोगों ने वाहन की तलाशी ली तो करीब 5 क्विंटल गांजा बरामद हुआ।

जानकारी के मुताबिक, सफेद रंग की महासमुंद पासिंग स्कॉर्पियो CG 06 HE 9900 मंगलवार सुबह मोहल्ले की एक नाली में फंस गई थी। वाहन फंसने के बाद चालक घबरा गया और मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्होंने स्कॉर्पियो की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान वाहन के अंदर बड़ी मात्रा में गांजा मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने गांजा और वाहन किया जब्त

सूचना मिलते ही डीडी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो समेत गांजे को जब्त कर लिया। पुलिस ने बरामद गांजे का वजन करीब 5 क्विंटल बताया है। वहीं वाहन चालक मौके से फरार है।

पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे राजधानी में किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।

राजधानी में गांजा तस्करी पर उठे सवाल

भारी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। इतनी बड़ी खेप रायपुर तक पहुंचने के बावजूद रास्ते में इसकी जांच कैसे नहीं हुई, यह पुलिस जांच का विषय है।

फिलहाल पुलिस वाहन के नंबर, जब्त गांजे और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की पहचान और पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। मामले में आगे की जांच के बाद ही गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों का खुलासा होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button