उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली की पवित्र माटी एवं गंगाजल कलश वितरण कार्यक्रम में की शिरकत

बेमेतरा : छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज बेमेतरा के टाउन हॉल में आयोजित संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी एवं गंगाजल कलश वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर जिले के सभी भाजपा मंडलों के अध्यक्षों को पवित्र कलश वितरित किए गए। कार्यक्रम में संत रविदास जी के विचारों, सामाजिक समरसता और मानव समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

सर्व समाज के संत थे गुरु रविदास : उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज सर्व समाज के स्वीकार्य और पूजनीय संत थे। उन्होंने जात-पात, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव का विरोध करते हुए मानवता, समानता, प्रेम, भाईचारे और कर्मप्रधान जीवन का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को सामाजिक समरसता, एकता और सद्भाव की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर संत रविदास जी की जन्मस्थली की पवित्र माटी को देशभर में पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है, ताकि संत रविदास जी के विचार और उनके महान संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सके।
पवित्र माटी और गंगाजल बने सामाजिक समरसता के संदेशवाहक
कार्यक्रम में वाराणसी स्थित संत रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र माटी तथा गंगा नदी के पवित्र जल से भरे कलश का विधिवत वितरण किया गया। आयोजकों ने बताया कि इन कलशों को संबंधित मंडलों में ले जाकर विभिन्न गांवों तक पहुंचाया जाएगा तथा सामाजिक समरसता के माध्यम से संत रविदास जी के विचारों और शिक्षाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
इस दौरान पवित्र माटी को श्रद्धापूर्वक माथे से लगाया गया। कार्यक्रम स्थल संत रविदास जी के जयघोष और “मन चंगा तो कठौती में गंगा” के उद्घोष से गूंज उठा।
सभी मंडल अध्यक्षों को सौंपा गया पवित्र कलश
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने बेमेतरा जिले के सभी मंडलों के भाजपा मंडल अध्यक्षों को पवित्र कलश सौंपे। उन्होंने मंडल अध्यक्षों से कहा कि वे इन कलशों को अपने-अपने मंडलों के गांवों तक लेकर जाएं और संत रविदास जी की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि यह पवित्र कलश केवल माटी और गंगाजल का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, समानता और समरसता का संदेशवाहक है।
सामाजिक समरसता के अग्रदूत थे गुरु रविदास : मंत्री दयाल दास बघेल
कार्यक्रम में मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने समाज में व्याप्त जातिगत भेदभाव और छुआछूत जैसी कुरीतियों को दूर करने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनका प्रसिद्ध संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” केवल एक पंक्ति नहीं, बल्कि जीवन का दर्शन है। यह संदेश हमें बताता है कि मनुष्य की पहचान उसके कर्मों से होती है, जन्म से नहीं।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने अपनी वाणी और दोहों के माध्यम से समाज को समानता, प्रेम, भाईचारे और मानवता का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
गुरु रविदास जी ने समाज में जागृति का संदेश दिया : विधायक दीपेश साहू
बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने समाज में जागृति लाने का महान कार्य किया। उन्होंने सामाजिक समरसता और समानता का संदेश देकर समाज को एकजुट करने का कार्य किया। उनके विचारों को आत्मसात कर हम एक मजबूत, समतामूलक और सद्भावपूर्ण समाज का निर्माण कर सकते हैं।
सामाजिक असमानता की खाई मिटाने का किया कार्य : विधायक ईश्वर साहू
साजा विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज में व्याप्त कुरीतियों और सामाजिक असमानता के भेदभाव की खाई को मिटाने का कार्य किया। उन्होंने मानव मात्र को समान मानते हुए प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का संदेश दिया, जो आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करता है।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अनुयायी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में नगर पंचायत बेमेतरा के अध्यक्ष विजय सिंहा, छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अजय साहू सहित जिले के जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में संत रविदास समाज के अनुयायी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार संतों के विचारों और उनके बताए मानवता, समानता एवं सामाजिक समरसता के मार्ग पर चलते हुए “सबका साथ, सबका विकास” के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। संत गुरु रविदास महाराज की शिक्षाएं समाज को एकता और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।







