आस्था और भक्ति के रंग में रंगा साजा, विधायक ईश्वर साहू के नेतृत्व में निकली कांवड़ यात्रा

बेमेतरा (साजा) : सावन मास के पावन अवसर पर साजा विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। विधायक ईश्वर साहू के नेतृत्व में मां महामाया मंदिर से भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। विधायक ने भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर कांवड़ में पवित्र जल उठाया और सैकड़ों शिवभक्तों के साथ पैदल यात्रा की शुरुआत की।कांवड़ यात्रा में विधायक ईश्वर साहू की धर्मपत्नी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, ग्रामीण एवं शिवभक्त शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा। भगवा ध्वज और कांवड़ के साथ श्रद्धालुओं की टोली ने पूरे मार्ग को भक्तिमय बना दिया।

विधायक ईश्वर साहू स्वयं कांवड़ यात्रियों के साथ पूरे मार्ग में पैदल चलते रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। जगह-जगह ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया गया तथा पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
दहीमही शिव मंदिर में हुआ जलाभिषेक
कांवड़ यात्रा का समापन दहीमही स्थित प्राचीन शिव मंदिर में हुआ। यहां विधायक ईश्वर साहू सहित सभी श्रद्धालुओं ने मां महामाया मंदिर से लाए गए पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया। पूजा-अर्चना के पश्चात क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की गई।
विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना और भक्ति का पर्व है। कांवड़ यात्रा हमारी धार्मिक आस्था, संस्कार और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष हिमांशु वर्मा, नारद वर्मा, नागेश वर्मा, राजेश ठाकुर, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ओमप्रकाश टावरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं शिवभक्त उपस्थित रहे।





