दिव्यांग युवाओं के लिए खुशखबरी! रायपुर में लगेगा विशेष रोजगार मेला, जानें पूरी डिटेल

रायपुर : मूकबधिर दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष रोजगार कार्यालय द्वारा 17 जुलाई 2026 को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला पुराना पुलिस मुख्यालय परिसर, लोक भवन के बाजू, सिविल लाइन स्थित विशेष रोजगार कार्यालय में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। इसमें केवल पुरुष मूकबधिर दिव्यांगजन (जो बोल और सुन नहीं सकते) भाग ले सकेंगे।

इन पदों पर होगी भर्ती

उप संचालक डॉ. शशिकला अतुलकर ने बताया कि रोजगार मेले में इनोवेटिव रीटेल कॉन्सेप्ट्स प्रा. लि. एवं इन्स्टाकार्ट सर्विस प्रा. लि. कंपनी शामिल होंगी। इनोवेटिव रीटेल कॉन्सेप्ट्स प्रा. लि. द्वारा पिकर-पैकर के 04 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसके लिए शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण, आयु 18 से 35 वर्ष तथा वेतनमान 10 से 15 हजार रुपये है।

साथ ही इन्स्टाकार्ट सर्विस प्रा. लि. द्वारा सीनियर असिस्टेंट के 15 पद एवं वेयरहाउस हेल्पर के 15 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसके लिए शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण, आयु 18 से 30 वर्ष तथा वेतनमान 10 से 12 हजार रुपये निर्धारित है।

ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य

इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय पर अपने समस्त शैक्षणिक योग्यता संबंधी दस्तावेज, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड, बायोडाटा की छायाप्रति तथा पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ रोजगार मेले में उपस्थित हो सकते हैं। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए आवेदकों को छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल http://erojgar.cg.gov.in या छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है।

ऑनलाइन आवेदन के लिए आवेदक का रोजगार पंजीयन नंबर होना आवश्यक है। जिन आवेदकों का रोजगार पंजीयन नहीं हुआ है, वे छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप के माध्यम से रोजगार पंजीयन करा सकते हैं।

अधिक जानकारी के लिए यहां करें संपर्क

अधिक जानकारी के लिए आवेदक कार्यालयीन समय में कार्यालय के दूरभाष नंबर 0771-4044081 पर संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button